कृषि का आधुनिक तरीका अपनाएं किसान : रघुवर

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किसानों से कृषि का आधुनिक तरीका अपनाने की अपील करते हुये कहा कि ऐसा करने से कम लागत पर उपज बढ़ाई जा सकती है। श्री दास ने यहां इजरायल जानेवाले किसानों के दूसरे जत्थे में शामिल 21 किसानों को संबोधित करते हुये कहा कि कृषि में लगातार लागत बढ़ रही है। उस एवज में किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता है। उन्होंने कहा कि कृषि में तकनीक का इस्तेमाल कर लागत कम करने के साथ ही उपज बढ़ायी जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार किसानों को नयी तकनीक एवं आधुनिक खेती की जानकारी के लिए इजरायल भेज रही है। उन्होंने कहा कि ये किसान वहां से खेती की नये तरीके सीखकर राज्य के किसानों को भी प्रशिक्षित करेंगे। श्री दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा है। लेकिन, पारंपरिक खेती से यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ-साथ बागवानी, डेयरी, मत्स्य पालन और फल-सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देना जरूरी है। झारखंड में सब्जी का उत्पादन बड़ी मात्रा में होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खाड़ी देशों में जैविक सब्जियों की काफी मांग है। सरकार किसानों को बाजार उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की मदद के लिए विश्व कृष एवं खाद्य सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यहां किसानों को नयी तकनीक के साथ ही बाजार की जानकारी भी मिलेगी। श्री दास ने कहा कि किसान अपने-अपने क्षेत्र में को-ऑपरेटिव बनायें। उन्हें सरकार सब्सिडी में उपकरण, पशु एवं जरूरत की चीजें उपलब्ध करा रही है।
राज्य में बड़ी संख्या में 30 मिट्रिक टन क्षमता के कोल्ड स्टोरेज बन रहे हैं। इनके संचालन का काम भी किसानों की को-ऑपरेटिव को दिया जायेगा। उन्होंने किसानों से खेती में कैमिकल के उपयोग नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि इससे बीमारियां होती है और जमीन भी 4-5 साल में बंजर हो जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेत की मेड़ पर फलदार वृक्ष लगायें, इससे मेड़ का उपयोग होगा और किसानों की आमदनी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि किसानों की बिजली की समस्या के समाधान के लिए सरकार कृषि के लिए अलग फीडर बना रही है।
अगले साल से यह काम करना शुरू करेगा। इससे किसानों खेती के लिए को प्रतिदिन छह घंटे बिजली मिलेगी। इजरायल जानेवाली किसानों की टीम का नेतृत्व दुमका के उपायुक्त मुकेश कुमार करेंगे। उनके साथ टीम में गुमला उपायुक्त शशिरंजन, कृषि विभाग के विशेष सचिव प्रदीप कुमार हजारी, समिति के निदेशक डॉ. एम. एस. ए. महालिंगम शिवम, जसमिन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश प्रसाद सिंह तथा जिला कृषि अधिकारी अशोक कुमार सिन्हा शामिल होंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार बर्नवाल, कृषि सचिव पूजा सिंघल समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


