सैकड़ों अवैध मुहाने, हजारों लोगों की जान खतरे में! बाहयरडीह खदान में 5 हाइवा कोयला जब्त
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
धनबाद: बाघमारा अनुमंडल के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल एरिया-3 के बाहयरडीह स्थित बंद पड़ी खदान में बीसीसीएल, सीआईएसएफ और सोनारडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध कोयला जब्त किया है। बताया जाता है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से संगठित तरीके से अवैध कोयला खनन का संचालन किया जा रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अवैध खनन में लगे लोगों ने गांव की ओर जाने वाले जोरिया (जल निकासी मार्ग) को भी करकट और सीमेंट डालकर बंद कर दिया था, ताकि खनन कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। पूरे बाहयरडीह खदान क्षेत्र में सैकड़ों अवैध मुहानों का संचालन किए जाने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध सुरंगें बस्ती और राम मंदिर क्षेत्र के आसपास तक पहुंच चुकी हैं, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का आवागमन होता है। हजारों की आबादी वाली बस्ती संभावित भू-धंसान और किसी बड़ी दुर्घटना के खतरे के साये में जीवन बिताने को मजबूर है।
हैरानी की बात यह है कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और जनसेवकों के आवास भी आसपास मौजूद हैं, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी आवाज नहीं उठाई जा रही है।
कुछ दिन पूर्व ग्रामीण महिलाओं ने अवैध खनन और कोयला तस्करी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। महिलाओं ने अवैध कोयले की बोरियां, ट्रकों से हो रहे परिवहन और खनन गतिविधियों को सार्वजनिक रूप से दिखाया था।
इसी बीच किसी संभावित बड़ी घटना की आशंका को देखते हुए बीसीसीएल की टीम, बड़ी संख्या में सीआईएसएफ जवानों और सोनारडीह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यापक अभियान चलाया तथा भारी मात्रा में अवैध कोयला जब्त किया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अवैध खनन के नेटवर्क पर स्थायी रोक लगाने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।




