उफ! ये गर्मी, तापमान 40 डिग्री पार; बिजली रानी की आंख-मिचौनी से भी लोग बेहाल

निर्मल महाराज
बोकारो। पूरे झारखंड राज्य में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। घरों से निकलना मानो मुश्किल हो गया है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उफ! ये गर्मी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है।
बोकारो जिले में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है और अगले चार-पांच दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। सुबह 10 बजे के बाद घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। तपती धूप में यदि कोई जरूरी काम से बाहर निकलता है, तो माथे पर तौलिया, गमछा या छाता लेकर ही निकल रहा है।
भीषण गर्मी को देखते हुए बोकारो जिला के उपायुक्त ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। बाहर निकलते समय तौलिया, गमछा और छाते का उपयोग करें। पर्याप्त मात्रा में पानी और ओआरएस घोल का सेवन करते रहें। खाली पेट घर से बाहर न निकलें। सतू, बेल शर्बत, नींबू पानी, ईख का जूस, खीरा आदि का सेवन करते रहें। धूप में थोड़ी नरमी आने के बाद ही बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
साथ ही उपायुक्त ने भीड़-भाड़ वाली जगहों पर शीतल पेयजल, चना और गुड़ की व्यवस्था करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया है।
विदित हो कि इस भीषण गर्मी में “देहाती फ्रिज” की बिक्री काफी जोर-शोर से हो रही है। इसके अलावा शीतल पेयजल, कोल्ड ड्रिंक, लस्सी, शर्बत, रसना, बेल शर्बत, गन्ना जूस और सतू शर्बत की बिक्री भी तेजी से बढ़ गई है।
इस भीषण गर्मी में बिजली रानी की आंख-मिचौनी से भी लोग परेशान हैं। जितनी गर्मी बढ़ रही है, उतनी ही बिजली कटौती भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। गर्मी की वजह से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं बिजली की लगातार कटौती के कारण घर में रहना भी कठिन हो गया है। लोग आखिर करें तो क्या करें — उफ! ये गर्मी।




