4 साल बाद भी शुरू नहीं हुआ साहिबगंज रेलवे आरओबी, लोगों में बढ़ी नाराजगी

साहिबगंज: स्वीकृति मिल गई, बजट भी पास हो गया, रेलवे की सहमति भी आ गई… फिर भी साहिबगंज रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास बनने वाला रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर से गुजरने वाला सड़क पुल यानी रोड ओवरब्रिज (आरओबी) आज भी सिर्फ कागजों पर है। बीते 4 साल से इस अति-जरूरी प्रोजेक्ट का काम शुरू तक नहीं हो सका है। अब स्थानीय समाजसेवी सिद्धेश्वर मंडल ने झारखंड के राज्यपाल से इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने पत्र लिखकर कहा है कि जनहित में संबंधित विभागों को तुरंत निर्देश दिए जाएं ताकि निर्माण कार्य शुरू हो सके।
38 करोड़ का बजट, फिर भी सन्नाटा
पथ निर्माण विभाग ने 26 जुलाई 2022 को पत्रांक 27725(5) के जरिए इस आरओबी को प्रशासनिक स्वीकृति दी थी। परियोजना पर कुल 38 करोड़ 74 लाख 78 हजार 944 रुपये खर्च होने थे। इसमें राज्यांश की 23 करोड़ 41 लाख 68 हजार 682 रुपये अग्रिम निकासी कर रेल मंत्रालय को देने की भी मंजूरी थी, क्योंकि काम ‘सिंगल एंटिटी’ के तहत रेलवे को ही करना था। वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए तय इस योजना पर रेल मंत्रालय ने भी हरी झंडी दे दी थी। इसके बावजूद धरातल पर एक ईंट तक नहीं लगी।
हर दिन जान जोखिम में डालकर पार कर रहे लोग
आरओबी न बनने की सबसे बड़ी मार आम जनता और मरीजों पर पड़ रही है। स्टेशन के दक्षिण में सदर अस्पताल के साथ-साथ प्रखंड मुख्यालय, अंचल कार्यालय, गंगा विहार पार्क, स्टेडियम और कई शैक्षणिक संस्थान अवस्थित हैं। रेलवे लाइन के दोनों तरफ पूर्वी और पश्चिमी फाटक हैं जो मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेनों की वजह से घंटों बंद रहते हैं। इस कारण गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी हो जाती है। हर दिन लोगों को जान जोखिम में डालकर ट्रैक पार करना पड़ता है। बड़ी दुर्घटना की आशंका हर वक्त बनी रहती है। सिद्धेश्वर मंडल ने पत्र में कहा कि बजट और सहमति के बाद भी काम लटकना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि वे तुरंत हस्तक्षेप कर इस प्रोजेक्ट को पटरी पर लाएं, ताकि साहिबगंज की जनता को राहत मिल सके।




