डीसी ने की समीक्षा
कोडरमा: समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त रमेश घोलाप की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बाबत डीसी ने मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को लेकर 31 अगस्त तक सभी त्रुटियों को दूर करते हुये संशोधित सूची तैयार करने का निर्देश दिया।
श्री घोलाप ने कहा कि वैसे लाभुक जिनका एक से ज्यादा आवेदन प्राप्त है या इंट्री किया गया हो या किसी प्रकार की त्रुटि हो, उसे सुधार कर पोर्टल पर दर्ज करें एवं रजिस्टर टू के माध्यम से मिलान कर योग्य लाभुकों को इस योजना का लाभ दें। मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत अब तक किए गए डाटा इंट्री में जो त्रुटियां पाई गई उसे सुधार करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों को मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिए। उन्होंने गांव स्तर पर ग्राम सभा कर किसानों के बीच मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को लेकर जागरूकता फैलाने का भी निर्देश दिए ताकि इस योजना का लाभ योग्य लाभुकों तक पहुंच सके। कहा कि कोई भी किसान योजना का लाभ लेने से वंचित ना रहे।
डीसी ने कहा कि सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में प्रत्येक पंचायत में ग्रामसभा में लाभुक किसानों की सूची पढ़ी जाएगी। यदि जिन रैयतों के पास कृषियोग्य भूमि है व उनको योजना संबंधित फॉर्म नहीं मिला है, उनसे अपील है की अपना नाम योजना में दर्ज कराने के लिए संबंधित गांवो की रैय्यत समन्वय समिति अथवा हल्का कर्मचारी अथवा अंचल कार्यालय में संपर्क करें। उन्होंने वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले का कोई योग्य किसान इस योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए। ऐसा होने पर इसके जिम्मेदार आप खुद होंगे। इस बाबत उप विकास आयुक्त आलोक त्रिवेदी, अपर समाहर्ता अनिल तिर्की, निदेशक डीआरडीए अनुज प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी विजय वर्मा, सभी अंचल अधिकारी समेत जिले के सभी हल्का कर्मचारी मौजूद थे।