25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा श्रमशक्ति अभियान: वर्णवाल

असंगठित क्षेत्र के हर कामगार के निबंधन करने का निर्देश
रांची: पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर के दिन पूरे झारखंड भर में श्रमशक्ति अभियान का आगाज होगा, जो गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक जारी रहेगी। इसका मूल उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के लाखों कामगारों को निबंधित कर उनके लिए बनी केंद्र व राज्य की योजनाओं का लाभ दिलाना है। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल शनिवार को प्रोजेक्ट बिल्डिंग सभागार में सभी जिले व प्रखंड समन्वयकों सहित श्रम प्रसार पदाधिकारियों व श्रमाधीक्षकों के साथ बैठक में बोल रहे थे।
डाॅ वर्णवाल ने इसे चुनौतीपूर्ण कार्य बताते हुए कहा कि हमें गांव व शहरों से लेकर लातेहार के सरयू और लोहरदगा के पेशरार जैसे सुदूर दुर्गम स्थानों के मजदूरों को भी इससे जोड़ना है। इसके लिए प्रचार- प्रसार पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा असंगठित क्षेत्र के एक-एक कामगार को जागरूक कर उनका हक दिलाना है। इसी मकसद से झारखंड मंत्रालय के सभागार में आयोजित कर उन्होंने शत प्रतिशत मजदूरों के निबंधन पर बल दिया।
मुख्यमंत्री करेंगे शुरुआत
श्रमशक्ति अभियान की लांचिंग मुख्यमंत्री रघुवर दास रांची से 25 सितंबर को करेंगे। बैठक में सुनील वर्णवाल ने समय रहते इसकी मुकम्मल तैयारी कर लेने का निर्देश दिया। कहा, अगर इसमें कोई कठिनाई आ रही हो तो समय रहते उसका निराकरण भी कर लें। बेहतर समन्वय के लिए उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रखंड श्रम प्रसार पदाधिकारी प्रखंड समन्वयकों के साथ बैठक कर कार्ययोजना बना लें। वहीं सभी श्रमाधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे शहरी क्षेत्रों में नगर निगम और निकाय के साथ समन्वय बनाकर शत प्रतिशत मजदूरों के निबंधन की रणनीति बना लें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इस कार्यक्रम को सफल बनाने में उपायुक्तों से लेकर सभी बीडीओ तक की भी भागीदारी होगी।
कामगारों का डाटाबेस तैयार होगा
श्री वर्णवाल ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के कामगारों के निबंधन के लिए उनकी तस्वीर, किसी तरह का प्रमाण पत्र और कोई शुल्क नहीं लगेगा। उनसे सिर्फ उनके बैंक पासबुक की फोटोकॉपी लेनी है। उन्होंने कहा कि निबंधन का मकसद कामगारों का डाटाबेस बनाकर उनकी डिजिटल पहचान सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें उनके लिए बनी योजनाओं का ससमय लाभ दिया जा सके। वहीं भविष्य में उनके लिए कोई नई योजना बनती है तो मिनटों में उन्हें इसकी जानकारी एसएमएस व वायस मैसेज के माध्यम से दी जा सके। उन्होंने कहा कि प्रखंड स्तर तक पहुंचने के बाद अभियान को पंचायत स्तर तक ले जाना है। इस बाबत  श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरूण एक्का सहित उद्योग सचिव के रवि कुमार ने भी समन्वय बनाकर अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More