अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आईसीईटीटीएसीएस-2026 संपन्न: एआई और साइबर सुरक्षा पर जुटे देश-विदेश के दिग्गज

रांची: बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी) मेसरा, लालपुर परिसर में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन इमर्जिंग ट्रेंड्स एंड टेक्नोलॉजीज इन एप्लीकेशंस ऑफ कंप्यूटर साइंस (ICETTACS-2026)” का शुक्रवार को सफल समापन हुआ। कार्यक्रम के दूसरे दिन की शुरुआत उद्घाटन सत्र की संक्षिप्त समीक्षा के साथ हुई, जिसके पश्चात कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, साइबर सुरक्षा एवं उभरती कंप्यूटिंग तकनीकों पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किए गए।
सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में लक्ष्मी नरसिम्हा राजू मुदुनुरी, एसएपी डिजिटल सप्लाई चेन आर्किटेक्ट, वैलेरो एनर्जी कॉरपोरेशन, अमेरिका ने “रिफाइनिंग इंडस्ट्री में प्रेडिक्टिव प्रोक्योरमेंट हेतु मशीन लर्निंग” विषय पर व्याख्यान दिया। इसके पश्चात लीला वेंकट साई राजेश गुंटुपल्ली, लीड सॉफ्टवेयर इंजीनियर, टीडी बैंक, अमेरिका ने “एंटरप्राइज एआई के युग में डेटा सुरक्षा एवं टोकनाइजेशन” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। दोनों अतिथियों को सम्मेलन के संयोजक डॉ. देवेश कुमार उपाध्याय द्वारा सम्मानित किया गया।
सम्मेलन के तकनीकी सत्रों में देश एवं विदेश के शिक्षाविदों, शोधार्थियों और उद्योग विशेषज्ञों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए तथा नवीन तकनीकी विषयों पर सार्थक चर्चा की। समापन सत्र की मुख्य अतिथि डॉ. (प्रो.) श्रद्धा शिवानी, डीन, एलुमनाई एवं इंटरनेशनल रिलेशंस, बीआईटी मेसरा रहीं। उनका स्वागत डॉ. अमृता प्रियम एवं डॉ. देवेश कुमार उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर डॉ. पार्थ सारथी बिश्नु, डॉ. नंदन बनर्जी, डॉ. शिवा सूर्या, डॉ. वंदना भट्टाचार्य, डॉ. पूनम तथा डॉ. प्रणव कुमार सहित अनेक गणमान्य शिक्षाविद उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. श्रद्धा शिवानी ने अपने संबोधन में अंतःविषयक अनुसंधान, नवाचार एवं उद्योग-अकादमिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया तथा सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों एवं वक्ताओं को प्रमाण-पत्र वितरण, धन्यवाद ज्ञापन एवं समूह छायांकन के साथ हुआ। सम्मेलन के सफल आयोजन में छात्र स्वयंसेवकों की टीम, जिसका नेतृत्व आदित्य नंदा ने किया, की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


