नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर दुमका में बज्रगृह का निरीक्षण

दुमका : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के मद्देनजर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा ने मंगलवार को दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित बज्रगृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बज्रगृह परिसर में किसी भी अनावश्यक व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहे तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने परिसर में अतिरिक्त बैरीकेडिंग कराने का निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 27 फरवरी 2026 को मतगणना निर्धारित है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।मतगणना स्थल पर आवश्यक संसाधन, सुरक्षा बल की पर्याप्त तैनाती एवं व्यवस्थित प्रवेश-निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।मौके पर सभी निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।




