मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए बचे सिर्फ 2 दिन, उपायुक्त ने 29 जुलाई तक गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की

साहिबगंज: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे 29 जुलाई 2026 तक अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि अब बेहद नजदीक है और केवल दो दिन ही शेष बचे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि जिन मतदाताओं ने अभी तक गणना प्रपत्र नहीं भरा है, वे तुरंत अपने बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ से प्रपत्र प्राप्त करें। इसे सही-सही भरकर आवश्यक हस्ताक्षर के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर जमा करें। समय पर प्रपत्र जमा करना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण त्रुटिरहित और पारदर्शी तरीके से हो सके।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 5 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसी वजह से सभी पात्र मतदाताओं के लिए तय तिथि से पहले प्रपत्र जमा करना अत्यंत आवश्यक है। अगर किसी मतदाता को गणना प्रपत्र नहीं मिला है या कोई जानकारी चाहिए, तो वह अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकता है। इसके अलावा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी या सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय से भी मदद ली जा सकती है।
उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और जागरूक नागरिकों से भी अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।




