कांग्रेस विधायक की आपत्ति के बाद परिमल नाथवानी का नामांकन होल्ड पर, 10 जून को होगी सुनवाई

झारखंड राज्यसभा चुनाव में नाम की त्रुटि को लेकर कांग्रेस की आपत्ति के बाद एनडीए समर्थित परिमल नाथवानी का नामांकन होल्ड पर रख दिया गया है। इस मामले में अब केंद्रीय चुनाव आयोग से मार्गदर्शन मांगा गया है, जिस पर बुधवार सुबह 11 बजे अंतिम फैसला सुनाया जाएगा।

सुनील सिंह

रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी राजनीतिक सरगर्मी के बीच आज एक और बड़ी खबर सामने आई। एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी का नॉमिनेशन चुनाव आयोग ने कांग्रेस विधायक की आपत्ति के बाद होल्ड पर रख दिया। नाथवानी के नामांकन पर चुनाव आयोग की ओर से बुधवार को फैसला लिया जाएगा। इस मामले पर 11 बजे सुनवाई होगी।

सोमवार को नॉमिनेशन का अंतिम दिन था। दो सीटों के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है—झामुमो से बैजनाथ राम, कांग्रेस से प्रणव झा और एनडीए समर्थित परिमल नाथवानी। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच हुई। बैजनाथ राम और प्रणव झा के नामांकन पत्र सही पाए गए, लेकिन परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र में त्रुटि बताते हुए कांग्रेस के एक विधायक ने रिटर्निंग ऑफिसर के पास आपत्ति दर्ज कराई और नाथवानी का नामांकन रद्द करने की मांग की। आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद खलबली मच गई। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और नाथवानी रिटर्निंग ऑफिसर के पास पहुंचे।

आपत्ति के बाद चुनाव आयोग ने नामांकन पत्र की गहनता से जांच-पड़ताल की। नॉमिनेशन फॉर्म में एक जगह ‘परिमल नाथवानी’ और दूसरी जगह ‘नाथवानी परिमल’ लिखा हुआ है। कांग्रेस विधायक की आपत्ति एक नाम दो तरह से लिखने पर है। चुनाव आयोग इस मामले की जांच कर रहा है। नाथवानी की ओर से उनके वकीलों ने इसे सही बताया और नामांकन को वैध मानने की अपील की। कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से इसका विरोध किया गया। अब इस पूरे मामले पर चुनाव आयोग ने केंद्रीय चुनाव आयोग से मार्गदर्शन और जानकारी मांगी है; इसलिए नाथवानी का नामांकन होल्ड पर रखते हुए इस पर आगे की सुनवाई बुधवार को 11 बजे होगी।

नाथवानी ने दो सेट में नामांकन किया है, उम्मीद है कि उनका नामांकन रद्द नहीं होगा। वकीलों की पूरी फौज लगी हुई है। फिर भी, यदि नामांकन रद्द हुआ तो कांग्रेस प्रत्याशी की लॉटरी लग जाएगी; बैजनाथ राम और प्रणव झा निर्विरोध निर्वाचित हो जाएंगे। वैसे कल तक इस मामले को लेकर इंतजार करना चाहिए। नजरें चुनाव आयोग पर टिकी हैं। यह मामला रोचक हो गया है। एनडीए और नाथवानी के समर्थकों में थोड़ी निराशा दिख रही है और कांग्रेस खेमे में उत्साह है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More