यूरोप, अफ्रीका व उत्तर अमेरिका में बढ रहे हैं कोविड मामले, एशिया में घट रहे हैं केस : केंद्र

कोविड व डेल्टा वाला प्रोटोकॉल ओमिक्रोन में भी प्रभावी

नयी दिल्ली : केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने देश में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन को लेकर शुक्रवार को एक प्रेस कान्फ्रेंस कर मौजूदा स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विश्व में वर्तमान में चौथी बार कोविड मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। कोविड मामले फिर से पीक यानी एक दिन में सबसे ज्यादा मामले छू रहे हैं। 23 दिसंबर को पूरे विश्व में एक दिन में 9,64,000 मामले दर्ज़ किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यूरोप, अफ्रीका और नॉर्थ अमेरिका में लगातार कोविड मामले लगातार बढ़ रहे हैं। एशिया में कोविड मामले अभी भी लगातार घट रहे हैं। भारत में पिछले 2 सप्ताह से प्रतिदिन नए मामले लगभग 7000 हैं। भारत में भी कोविड मामले लगातार घट रहे हैं। उन्होंने बताया कि विश्व में केस पॉजिटिविटी रेट 6 प्रतिशत से ज्यादा है। भारत में केस पॉजिटिविटी 5.3 प्रतिशत है। पिछले 2 सप्ताह में भारत में केस पॉजिटिविटी 0.6 प्रतिशत है।


उन्होंने कहा कि देश में 20 ज़िले ऐसे हैं जहां केस पॉजिटिविटी रेट 5 से 10 प्रतिशत है। इनमें से 9 केरल में और 8 मिजोरम में हैं। 2 ज़िले ऐसे हैं जहां केस पॉजिटिविटी 10 प्रतिशत से ज्यादा है, ये 2 ज़िले मिजोरम में हैं। उन्होंने कहा कि अब तक विश्व के 108 देशों में 1,51,000 से ज्यादा ऑमिक्रोन के मामले दर्ज़ किए गए हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा, विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है और हमने भी अपने देश में देखा है कि जो ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल हमने कोविड और डेल्टा के लिए अपनाए थे वो ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल ऑमिक्रोन पर भी प्रभावी होंगे। इस समय देश के 17 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों में 358 ऑमिक्रोन मामले दर्ज़ किए गए हैं। इनमें से 114 मामले ठीक हो चुके हैं।

उन्होंने कहा, 183 ऑमिक्रोन मामलों का विश्लेषण किया गया है जिसमें से 121 ने विदेश की यात्रा की थी। 44 विदेश नहीं गए थे परन्तु ज्यादातर के कॉन्टैक्ट ने विदेश यात्रा की थी। 183 में से 87 लोगों ने कोविड की दोनों डोज़ ली थी। 3 लोगों ने तीन डोज़ लगवाई हुई थी। देश की 89 प्रतिशत वयस्क आबादी को वैक्सीन की कम से कम एक डोज़ मिल गई है। 61 प्रतिशत वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज़ मिल गई हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More