राष्ट्रपति चुनाव : यशवंत सिन्हा को समर्थन देगी आम आदमी पार्टी

नयी दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) ने राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के साझा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करने का ऐलान किया है। शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) की राजनीतिक सलाहकार समिति (पीएसी) की बैठक हुई जिसमें यशवंत सिन्हा को समर्थन देने पर फैसला हुआ।

सांसद संजय सिंह ने पार्टी की राजनीतिक मामलों की सीमिति की बैठक के बाद बताया कि आप विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा का समर्थन करेगी। हालांकि, हम द्रौपदी मुर्मू का सम्मान करते हैं, लेकिन हम यशवंत सिन्हा को वोट देंगे।

Image

दरअसल, आम आदमी पार्टी (आप) की राजनीतिक सलाहकार समिति (पीएसी) की बैठक हुई, जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पीएसी के अन्य सदस्य शामिल हुए। इस बैठक में राष्ट्रपति चुनाव में किसका समर्थन किया जाये, इसे लेकर चर्चा हुई। इस बैठक में सीएम अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, राज्यसभा सांसद संजय सिंह, पंजाब के सांसद राघव चड्ढा और विधायक आतिशी सहित सभी 11 पीएसी सदस्य शामिल हुए थे।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान सोमवार को होगा। आप एकमात्र गैर-भाजपा, गैर-कांग्रेसी पार्टी है जिसकी दो राज्यों- दिल्ली और पंजाब में सरकारें हैं। दोनों राज्यों से आप के 10 राज्यसभा सांसद हैं, जिनमें तीन दिल्ली से हैं। साथ ही, पार्टी के पंजाब में 92, दिल्ली में 62 और गोवा में दो विधायक हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More