दुर्गापुर में 100 से अधिक महिलाओं और युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, प्रमाण-पत्र व सिलाई मशीनें वितरित

दुर्गापुर में SET Foundation के प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और सिलाई मशीनें प्रदान करते अतिथि।

दुर्गापुर: महिलाओं एवं युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में SET Foundation की ओर से संचालित चार माह के सिलाई एवं ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। Air Water India Private Limited के CSR सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक महिलाओं एवं युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय समुदाय की महिलाओं एवं युवाओं को रोजगारपरक और व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना था। चार माह की प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को सिलाई एवं ब्यूटीशियन के क्षेत्र में सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही भविष्य में अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक तकनीकी ज्ञान और आत्मविश्वास विकसित करने पर भी जोर दिया गया

समापन समारोह में Air Water India Private Limited के दुर्गापुर प्लांट हेड अविक घंटा, SET Foundation के निदेशक रोहित प्रकाश प्रीत, शशि भूषण, प्रशिक्षक अपर्णा घोष एवं पिंको बागची सहित प्रशिक्षणार्थी और स्थानीय समुदाय के सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं चयनित प्रतिभागियों के बीच सिलाई मशीनों का वितरण भी किया गया, ताकि वे प्रशिक्षण के बाद अपने कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार शुरू कर सकें और नियमित आय अर्जित करने की दिशा में आगे बढ़ सकें।

इस अवसर पर SET Foundation की ओर से Air Water India Private Limited के प्रति आभार व्यक्त किया गया। संस्था ने कहा कि CSR के माध्यम से मिले सहयोग से समुदाय के जरूरतमंद लोगों तक कौशल विकास के अवसर पहुंचाने में मदद मिली है।

SET Foundation के अनुसार यह पहल महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन और सामुदायिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। संस्था ने भविष्य में भी समुदाय के लोगों को कौशल एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More