जोन्हा(रांची): राजधानी रांची को फॉल की राजधानी कहा जा सकता है। झारखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता अन्य राज्यों के मुकाबले काफी आकर्षक है। यहां पर्यटन के क्षेत्र में कई संभावनाएं है। उक्त बातें पर्यटन मंत्री अमर कुमार बाउरी ने बुधवार को जोन्हा फॉल में एडवेंचर पार्क, फूड किओस्क एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के उद्घाटन समारोह में कहीं।
उन्होंने कहा कि बाबा धाम, दलमा, इटखोरी आदि को ध्यान में रखकर काम शुरू किया गया है। आज झारखण्ड को अन्य राज्यों के लोग पर्यटन क्षेत्र के लिए जानने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य के पर्यटन क्षेत्र का वातावरण ऐसा हो कि पर्यटक दोबारा वापस आएं और दूसरों को भी यहां आने के लिए प्रोत्साहित करें।
झारखंड में कई लोक कलाएं प्रसिद्ध है जिसका प्रचार प्रसार भी पर्यटन क्षेत्र में होना चाहिए। ऐसे में स्थानीय लोगों को जो कलाकार हैं उन्हें विभाग की तरफ से प्रशिक्षण देकर पर्यटन क्षेत्र में कार्यक्रम प्रस्तुत करने का मौका भी विभाग की तरफ से दिया जाएगा। पर्यटक स्थानीय लोक कलाओं को काफी पसंद करते हैं।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि झारखंड का व्यंजन औषधि युक्त होता है। यहां के लोग काफी लंबे जीवन को जीते हैं, ऐसे में यहां के व्यंजन को भी पर्यटकों को परोसा जाए। इसके लिए स्थानीय लोगों को आगे आने की जरूरत है। राज्य में तीन बड़ी योजना शुरू हुई। जिसमें ईको टूरिज्म को बढ़ावा देना है। जिसका नाम स्वदेश दर्शन होगा। इनके लिए भारत सरकार ने 52 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति दे दी है। जल्द ही इसका काम शुरू होगा। प्रसाद योजना के तहत 39 करोड़ का काम देवघर में सौंदर्यीकरण के लिए शुरू हो रहा है।
उन्होंने बताया कि आज जोन्हा फॉल में अडवेंचर पार्क में लो स्काई वाक, केनोपी वाक, हैंगिंग ब्रिज शुरू किया गया है। ऐसा ही अडवेंचर पार्क अन्य पर्यटन क्षेत्र में भी शुरू किया जाएगा। ताकि झारखंड में ज्यादा से ज्यादा पर्यटक आएं।
जल्द ही इटखोरी में विश्व का सबसे बड़ा बुद्ध स्तूप बनेगा। इटखोरी से ही सिद्धार्थ का बुद्ध तक का सफर शुरू हुआ था। वहीं से वे सांसारिक जीवन से कटे थे। साथ ही पारसनाथ का भी विकास किया जा रहा है।
टैगोर हिल और पहाड़ी मंदिर के सौंदर्यीकरण का काम भी चल रहा है। युवा दिवस के दिन ही बड़ा तालाब में विश्व का सबसे बड़ा स्वामी विवेकानंद की कांसे का मूर्ति स्थापित की गई है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि आज का लोकार्पण पर्यटकों को आकर्षित करेगा और स्थानिया लोग को रोजगार भी मुहैया करवाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन बिना पलायन के रोजगार की गारंटी देता है। चार वर्ष में खेल और पर्यटन के क्षेत्र में कई काम किये गए है और इस क्षेत्र में भी काम हो सकता है, ऐसा सररकर ने साबित किया है।
मौके पर सांसद राम टहल चौधरी ने कहा कि हम यहां 10 वर्ष पहले आये थे। लेकिन आज इसका विकास काफी बेहतर हुआ है। चार वर्ष की बीजेपी सरकार ने यहाँ काफी विकास किया है। मूलभूत सुविधा यहां बढ़ाई गई है। और आज यह और भी खूबसूरत हो गया है।
उन्होंने कहा कि आज हुए उद्घाटन के बाद यहां आने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी। झारखंड में कई पर्यटन स्थल है। यहां सबसे अधिक फॉल है। यही झारखंड की खूबसूरती है। अगर यहां के पर्यटन स्थल का विकास हो तो झारखंड अन्य राज्यों से ज्यादा ख़ूबसूरत हो जाएगा। गेतलसूद और रुक्का डैम में भी टूरिस्ट प्लेस बनाने का सुझाव है। जल्द ही गेतलसूद और रुक्का डैम में काम शुरू हो जाएगा। वहां का पहुंच पथ भी बनवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में प्लास्टिक की चीजों पर रोक लगा दी जाए और ज्यादा से ज्यादा पत्ते से बने पत्तल को उपयोग मे लाया जाए। इससे पर्यटकों के आठ साथ स्थानीय लोगों को फायदा होगा। वहीं उन्होंने कहा कि पर्यटन मित्र पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार बनाएं रखे ताकि पर्यटक अच्छी यादें लेकर जाएं औए फिर लौट कर आएं।
कार्यक्रम में पर्यटन सचिव राहुल शर्मा, पर्यटन निदेशक, जेटीडीसी के जीएम डॉ. आलोक प्रसाद उप महाप्रबंधक जेटीडीसी एवं अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय और पर्यटक उपस्थित थे।
मौके पर पर्यटन मित्र राज किशोर प्रसाद, बालेश्वर बेड़िया, सोहन बेक, राजेन्द्र महतो, धनंजय महतो, बुध राम लोहरा, सुशांत कुमार लोहरा, मानी राम महतो, बिरं महतो आदि उपस्थित थे।