केंद्रीय शिक्षा मंत्री से सीबीएसई का क्षेत्रीय कार्यालय रांची में खोलने की मांग
सांसद संजय सेठ ने की मुलाकात
रांची: राजधानी के सांसद संजय सेठ ने नई दिल्ली में मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से मुलाकात कर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानि सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय को रांची में यथाशीघ्र खोलने का आग्रह किया। सेठ ने कहा कि बिहार से झारखंड को अलग हुए 19 वर्ष हो गए हैं। हर साल झारखंड से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में लगभग 50 हजार से अधिक विद्यार्थी 10वीं तथा 12वीं की परीक्षा में बैठते हैं। वर्तमान में लगभग 500 विद्यालय केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड नई दिल्ली से संबंधित हैं, जो अपने आप में एक उपलब्धि है। सेठ ने बताया कि इतने विकास के बावजूद झारखंड में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय नहीं है, जबकि पूरे देश में 10 क्षेत्रीय कार्यालय हैं। जैसे अजमेर, दिल्ली, प्रयागराज, भुनेश्वर, चेन्नई, देहरादून, गुवाहाटी, पंचकूला, पटना और तिरुवंतपुरम में।
मिलेगी बेहतर सुविधा
सांसद ने कहा कि रांची में क्षेत्रीय कार्यालय खुलने से झारखंड के विद्यार्थी एवं झारखंड वासियों को इसका लाभ मिलेगा खासकर यहां के अनुसूचित जाति जनजाति के लोगों को शिक्षा का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। विशेष कर उस वर्ग के लोगों को जो अभी तक शैक्षणिक रूप से बहुत ही पिछड़े हुए हैं। सेठ ने बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्री ने जल्द इस पर निर्णय लेने का आश्वस्त दिया है।
[URIS id=9499]

