चान्हो: जंगली हाथियों का कहर, युवक को पटककर मार डाला

रांची: राजधानी के चान्हों अंतर्गत पतरातु चारा गांव में जंगली हाथियों ने कहर बरपाया है। मंगलवार की सुबह हाथियों ने यहां के फगुआ उरांव को पटककर जान से मार डाला। जानकारी के अनुसार तड़के हाथियों ने गांव में घुसकर कई घरों को क्षतिग्रस्त भी कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस बाबत जब ग्रामीणों ने हाथियों के झुंड को भगाना चाहा, तो हाथियों ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
हमला के दौरान एक हाथी ने पतरातू चारा गांव निवासी फगुवा उरांव को उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी। लोगों ने बताया कि हाथियों के झुंड ने कई घरों को तोड़ कर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया है। घटना के बाद से ग्रामीण आक्रोशित हैं। इनलोगों का आरोप है कि पांच दिनों से हाथियों का झुंड उत्पात मचा रहा है। इस बारे में वन विभाग को जानकारी देने के बावजूद वन विभाग द्वारा कार्रवाई नही की गई है। लोगों ने विभाग से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।
गौरतबल हो कि झारखंड में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। झारखंड में जहां जंगली हाथी फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं तो वहीं लोगों को कुचल कर मार भी रहे हैं। हाथियों पर काबू पाने के लिए वन विभाग योजनाएं तो बना रहा है, लेकिन वह कारगर साबित नहीं हो पा रही हैं। हाथियों के भ्रमण के लिए कॉरिडोर (एक प्राकृतिक स्थल से दूसरे प्राकृतिक स्थल तक) तैयार किया जाना था। इसके लिए जीआइएस मैपिंग भी हुईं। बावजूद इसके यह कॉरिडोर अब तक नहीं बन पाया है। राज्य के अंदर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, गिरिडीह और दुमका में कॉरिडोर बनना था, वहीं अंर्तराज्यीय कॉरिडोर उड़ीसा-चाईबासा, उड़ीसा- सारंडा, पूर्णिया-दलमा और सरायकेला- बंगाल में बनाया जाना था। बहरहाल अब देखनेवाली बात ये होगी कि सरकार व वन विभाग इस दिशा में कब तक ठोस कदम उठाते हैं।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More