तीन वर्षीय मासूम को पटक- पटक कर मार डाला

हत्या का आरोप सीआरपीएफ- पुलिस पर
पलामू: जिले  के सतबरवा थाना अंतर्गत बकोरिया में एक तीन वर्षीय बच्ची को पटक-पटक कर जान से मार देने का आरोप लगाया गया है। हत्या का आरोप लातेहार में तैनात सीआरपीएफ जवान सहित मनिका थाना की पुलिस पर लगाया गया है। बताते चलें कि शुक्रवार देर रात जहां पूरा देश भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मना रहा था तो दूसरी ओर एक घर मे मातम पसरा हुआ था।
कहा जा रहा है कि बकोरिया पंचायत के बंशी टोला निवासी विनोद सिंह की बेटी विनीता को पटककर उसे मौत के घाट उतार दिया गया है। ये आरोप बच्ची की मां ने पुलिसकर्मियों पर लगाया है। उसका कहना है कि शुक्रवार की रात 30-40 लोग पुलिस की वर्दी में विनोद सिंह को खोजने उसके घर पहुंचे। बता दें कि ये टीम सर्च अभियान के तहत बकोरिया में जेजेएमी के कैडर बिनोद सिंह को गिरफ्तार करने गई थी और इस बाबत घर के लोगों ने दरवाजा नहीं खोला। मृतक बच्ची की मां व विनोद के परिजनों ने आरोप लगाया है, दरवाजा नहीं खोलने पर जवानों ने खिड़की से बच्ची को पकड़ कर जमीन पर पटक दिया, जिससे बच्ची ने वहीं छटपटा कर दम तोड़ दिया। इसके बाद घर में मातम पसर गया। पुलिस ने बच्ची के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मेदिनीनगर भेज दिया है। पलामू एसपी अजय लिंडा ने इस बाबत कहा कि परिजनों द्वारा लगाये गये आरोपो की जांच की जाएगी।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More