कोडरमा: डोमचांच प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में बच्चा चोरी की अफवाह, भीड़-भाड़ द्वारा मारने पीटने जैसी घटना की रोकथाम के लिए प्रखंड कार्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य रूप से डोमचांच थाना प्रभारी विनोद कुमार, उप प्रमुख संगीता सिंह, नगर उपाध्यक्ष पप्पू मेहता, सांसद प्रतिनिधि भरत नारायण मेहता, भाजपा के वरिष्ठ नेता बसंत मेहता उपस्थित थे।
मौके पर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने लोगों को जानकारी देते हुए कहा कि आप सभी से निवेदन होगा कि अपने-अपने क्षेत्र में बच्चा चोरी को लेकर जो अफवाह फैलाई जा रही है उसके रोकथाम हेतु लोगों को जागरूक किया जाए और लोगों को कहा जाए कि यह बिल्कुल अफवाह है और अफवाहों पर ना जाएं। जाने-अनजाने में किसी व्यक्ति को क्षति पहुंचाने की कोशिश ना की जाए, अगर किसी को किसी तरह से किसी पर कोई शक है तो उसे मारपीट ना करें और प्रशासन को सूचना दें। कोई संदिग्ध व्यक्ति आपके गांव या मोहल्ले में नजर आए तो आप स्थानीय थाना प्रभारी पुलिस पदाधिकारी एक सौ नंबर डायल कर इसकी सूचना दें।
इन दिनों बच्चा उठाने की अफवाह के चलते कई घटना हो रही है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार का कानून अपने हाथ में ना लें। कोई भी व्यक्ति अगर अपराध करता है तो वह उसे कानून के हवाले करें और प्रशासन को सूचना दें ना कि मारपीट करें। उन्होंने बताया कि डोमचाँच थाना प्रभारी का मोबाइल नंबर 8051215053, नवलसाही थाना प्रभारी 9934735454, मरकच्चो थाना प्रभारी 7070228295, सतगांवा थाना प्रभारी 9431979086, ढाब थाना प्रभारी 8789483946 के साथ 101 पर भी डायल कर प्रशासन की मदद ले सकते हैं। मौके पर मुखिया कुमुद देवी, मनोज यादव, सुशीला देवी, मीना देवी, बसंत मेहता, उमेश मोदी, मुखिया प्रतिनिधि मदन सिंह के साथ- साथ सभी पंचायत के मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे।