अपहरण के बाद छात्र की हत्या का प्रयास

भागकर बचाई जान, थाने में शिकायत
रांची: संत पाॅल स्कूल के एक छात्र का अपहरण कर हत्या के प्रयास का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र ने इस पूरे मामले को लेकर अपने अभिभावकों के साथ चुटिया थाने में शिकायत दर्ज करायी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस फौरन इसकी पड़ताल में जुट गई है। जानकारी के अनुसार भुक्त भोगी छात्र कृष्ण कांत गुप्ता मूल रूप से कुरडेग थाना क्षेत्र कुटमा गांव का रहने वाला है। वह ऑक्सफोर्ड स्कूल के पास रह कर संत पॉल कॉलेज में बीए पार्ट टू में पढ़ाई करता है। शुक्रवार की शाम उसे एक वाहन पर सवार कुछ युवकों ने चुटिया के बनस तालाब के पास से जबरन उसे उठा कर अपने साथ ले गये। गाड़ी में बिठाने के बाद युवकों ने उसका हाथ, पैर व मुंह रस्सी से बांध दिया।
काफी देर तक उसे शहर के आस-पास घुमाया गया और बाद में कटहल मोड़ जाने वाले रास्ते में स्थित किसी पहाड़ी पर ले जा कर उसे जमकर पीटा गया। इसके बाद अपहर्ताओं ने उसकी हत्या की योजना बनाई व पत्थर लाने के लिए वहां से कुछ दूर चले गए। कृष्णा ने इसी का फायदा उठाते हुए रस्सी को खोलकर वहां से भाग निकला। हालांकि कुछ दूरी तक अपहर्ताओं ने उसका पीछा किया, लेकिन कुछ दूर के बाद पीछा करना छोड़ दिया। कृष्णा यहां से सीधे गाड़ी पकड़ कर कुरडेग पहुंचा व अपने परिजनों को पूरे मामले से अवगत कराया। रविवार को वो पूरे परिवार के साथ चुटिया थाने पहुंचा और फिर पूरे मामले की जानकारी दी। बताया कि मारपीट के बाद अपर्हता उसकी हत्या करने जा रहे थे। कहा कि इनलोगों में गुमला का पंकज साहू, बसिया के निश्चय सहित दो अन्य लोग भी थे। वह उन्हें नही पहचानता। पुलिस पूरे मामले पर कार्रवाई में जुट गई है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More