नामकुम पुलिस पड़ताल में जुटी
रांची: नामकुम बस्ती निवासी जमीन कारोबारी विष्णु श्रीवास्तव उर्फ बॉबी की बीती रात अपराधियों ने गोली मार कर निर्मम हत्या कर दी। नामकुम पुलिस ने रविवार की सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर गुरू टोल स्थित चेक डैम से उसका शव बरामद किया। इस बाबत मृतक के घर वालों ने उसके साथ रहनेवालों पर मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने इसी आधार पर सिरका टोली के अनूप कच्छप को गिरफ्तार कर थाने में पूछताछ कर रही है। मृतक के परिजनों द्वारा पुलिस को दिये गये बयान के अनुसार विष्णु जमीन के छोटे मोटे कारोबार से जुड़ा हुआ था। उसके साथ कई लोग इस कार्य में लगे हुए थे। इनमें से कई के नाम परिजनों ने पुलिस का बताया है। घर वालों के अनुसार रात में तीन- चार मोटरसाइकिल पर आठ- दस लोग उसके घर पहुंचे व बिष्णु को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। घर वाले उसके लौट आने का देर रात तक इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं पहुंचा। आज सुबह ग्रामीणों ने गुरू टोली के चेक डैम में एक शव पानी के ऊपर देख पुलिस को इसकी सूचना दी।
मौके पर पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाया। उसके बाद विष्णु के घर वालों को बुलाकर उसकी पहचान करायी। हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिरका टोली के अनूप कच्छप नामक एक युवक को गिरफ्तार कर थाने में पूछताछ कर रही है। आरोपी ने पुलिस को हत्या से संबंधित कई बातें बतायी है। जिसके आधार पर पुलिस हत्या के कारणों व हत्या में शामिल अपराधियों की धर-पकड़ के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।