सीबीआई को मिली कामयाबी
रांची: सामूहिक दुष्कर्म के बाद बेरहमी से जला देने के दिल दहला देनेवाले निर्भया कांड में सीबीआई को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है और उसने इस कांड में राहुल रॉय नामक बी.टेक छात्र को गिरफ्तार किया है। इसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
[URIS id=9499]
गौरतलब है कि 16 दिसंबर 2016 को बूटी बस्ती में इंजीनियरिंग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसे मानवता की सारी हदें पार करते हुए पहले तार से गला दबाकर उसे जान से मार डाला गया था। इसके बाद मोबिल छिड़क कर साक्ष्य को छिपाने के लिए कुकर्मियों ने उसे जिंदा जला दिया था। राज्य पुलिसिया एंजेंसी की नाकामियों के बाद इसे सीबीआई को इसके जांच की जिम्मेवारी दी गई थी। इस पूरे प्रकरण को लेकर सीबीआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान अभी तक नहीं आया है।
फांसी की सजा मिले
निर्भया की मां के आंसू रुकने के नाम नहीं ले रहा है। काफी दिनों के अंतराल के बाद मिली सीबीआई की सफलता के बाद इस कांड में गिरफ्तार किये गये बीटेक छात्र को पिता समेत सभी स्थानीय लोगों द्वारा आरोपी को फांसी दिये जाने की मांग की है। पिता जागेश्वर प्रसाद कहते हैं कि आरोपी की गिरफ्तारी से वे खुश हैं व चाहते हैं कि फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वारा जल्द से जल्द फैसला सुनाकर आरोपी को फांसी मिले।