रांची: देश में बाल विवाह कानूनन प्रतिबंधित है, लेकिन झारखंड की राजधानी रांची में एक 15 वर्षीय छात्रा के साथ मंदिर में विवाह की एक सनसनीखेज जानकारी मिली है। घटना के मुताबिक शहर के सुखदेवनगर थाना अंतर्गत खादगड़ा, चूना भट्टा लेन निवासी कल्लू प्रसाद कसेरा की पुत्री बिरनी ( बदला हुआ नाम) का विवाह उसके पड़ोसी युवक के साथ गुपचुप तरीके से मंदिर में कर दिया गया। युवती ने श्रद्धानंद बाल मध्यविद्यालय, रातु रोड से इसी वर्ष हाई स्कूल पास किया है।
[URIS id=9499]
स्कूल की नामांकन पंजी में उसकी जन्म तिथि 27.8.2004 दर्ज है। खबर के मुताबिक एक सप्ताह पूर्व पहाड़ी मंदिर के पास स्थित मां संतोषी मंदिर में उसका विवाह सुखदेवनगर थाना अंतर्गत जय प्रकाश नगर निवासी शेखर नामक युवक से गुपचुप तरीके से कर दिया गया। सोशल मीडिया पर उस विवाह की तसवीर भी वायरल हुई थी। नाबालिग बिरनी के मां- बाप ने किस स्थिति में इस विवाह के लिए रजामंदी दी इसको लेकर तरह- तरह के अफवाह हैं। कुल मिलाकर मामला संदेह के घेरे में है। शहर की कुछ बाल संरक्षण व मानव तस्करी के प्रति जागरुक संस्थाएं इस मामले को लेकर बाल संरक्षण आयोग में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में हैं। इस बीच बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष आरती कुजूर ने पूछे जाने पर कहा है कि बाल विवाह पूरी तरह से अमानवीय कृत्य और कानूनन अपराध है। उनके पास शिकायत आने पर वर और वधु दोनों पक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।