कोडरमा: जिले के जयनगर प्रखंड के विभिन्न इलाकों में बच्चा चोर की अफवाह के बाद मॉब लिंचिंग की घटनाओं को लेकर रविवार को जन जागरूकता रैली निकाली गई। पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुरेंद्र भाई मोदी के नेतृत्व में निकाले गए इस रैली में काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया। रैली जयनगर प्रखंड कार्यालय से निकाली गई और पेठियाबागी चौक, जयनगर चौक, थाना चौक में जनसभा का आयोजन किया गया।
जुलूस व सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि झारखंड वनांचल आंदोलनकारी मोर्चा के अध्यक्ष अजय कृष्ण ने कहा कि बच्चा चोरी की घटनाएं कहीं नहीं हो रही हैं और अफवाह के नाम पर निर्दोष पीटे जा रहे हैं। जुलूस एवं सभा को संबोधित करने वालों में शिव शंकर वर्णवाल, मुखिया प्रतिनिधि कौसर खान, सुरेन्द्रप्रसाद मोदी, राम कुमार, रवि भूषण कुमार, बाबू खान, पप्पू सोनी, महेंद्र राम, विनोद गुप्ता, समीम खान, तुलसी साहू, संतोष साहू, शंकर सिंह, आशीष कुमार, जहांगीर खान, अरमान खान, बॉक्सर खान, विनोद साहू, शशि कांत प्रसाद आदि शामिल थे। ज्ञात हो कि जयनगर प्रखंड में कुछ दिन पहले अपनी जमीन को देखने गए शशि भूषण मोदी को बच्चा चोर कह कर पोल में बांधकर पीटा गया वहीं प्रतापपुर में तीन आदिवासी युवकों को बच्चा चोर के ही नाम पर स्थानीय लोगों ने बेरहमी से पीटा और अन्य तीन व्यापारी जो उधर से गुजर रहे थे उनके साथ भी ग्रामीणों के द्वारा मारपीट की गई। जानवर की बीपी हो प्रतिमा कुमारी के साथ भी इसी तरह की घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई थी।