टीएसपीसी का नक्सली चढ़ा पुलिस के हत्थे

चतरा : झारखंड के चतरा जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद प्रतिबंधित संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) का एक उग्रवादी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इसके साथ ही भारी संख्या में कारतूस बरामद किये हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) निगम प्रसाद ने बताया कि सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का कुख्यात नक्सली प्रशांत अपने दस्ते के साथ जिले में बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से सक्रिय है।

इसी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिमरिया पुलिस और सेट की संयुक्त टीम का गठन कर अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी तत्परता दिखाते हुए नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया। इसके बाद नक्सली जंगल का लाभ उठाकर भाग निकले। श्री प्रसाद ने बताया कि मुठभेड़ के बाद नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए जंगल एवं आसपास के इलाके में सघन अभियान चलाया गया।

इस दौरान मुठभेड़ स्थल से एक थ्री नॉट थ्री राइफल, एक मैगजीन, तीन खाली खोखा, एसएलआर का दो खोखा, दो मोबाइल चार्जर, 352 कारतूस, दो एम्युनेशन पाउच, पांच पिट्ठू एवं 11 मोबाइल फोन समेत एक नक्सली को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली मुख्तार आलम सिमरिया थाना क्षेत्र के केवटा गांव का रहने वाला है और संगठन में दस्ता सदस्य के रूप में सक्रिय था। अभियान के दौरान पुलिस ने जंगल से तिरपाल, राशन, खाना बनाने के बर्तन और जूता समेत भारी संख्या में नक्सल साहित्य भी बरामद किया है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More