कोडरमा: मॉब लिंचिंग होने से बचा व्यक्ति, पुलिस ने लिया हिरासत में

कोडरमा: बच्चा चोर के आरोप में गुरुवार को एक व्यक्ति मॉब लिंचिंग का शिकार होने से बाल- बाल बच गया। रेल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को बचाया और उसे अपने हिरासत में ले लिया। इस संबंध में रेल थाना प्रभारी शंभू प्रसाद ने बताया कि कोलकाता से रविंद्र सिंह, निवासी ग्राम कुर्थीहार, थाना वजीरगंज, गया अपने पड़ोस के एक 10 वर्षीय बच्चा गौतम साहू , पिता ओपी साव को लेकर आसनसोल- गया पैसेंजर ट्रेन से आ रहा था। बच्चा मंदबुद्धि का था उसके हावभाव को देखकर लोगों ने रविंद्र सिंह को बच्चा चोर समझ कर घेर लिया। हालांकि रेल थाना की पुलिस ने उसे रेल यात्रियों से बचाकर अपने हिरासत में ले लिया।
रेल थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में पहले रविंदर अपने को गौतम का पिता बता रहा था, बाद में पूछताछ में पता चला कि गौतम उसके बगल गांव कोचे का रहने वाला है। रविंदर सिंह कोलकाता में होटल चलाता है और बच्चे को अपने साथ पढ़ाने लिखाने और होटल का काम करवाने के लिए ले गया था। अपने गांव आने के क्रम में वह बच्चे को भी अपने साथ ले आया। इसी दौरान ट्रेन यात्रियों ने उसे बच्चा चोर कह कर घेर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि बच्चे की मां को खबर किया गया है और उसके आने के बाद पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। श्री प्रसाद ने बताया कि बच्चा चोर की अफवाह इतनी फैल गई की रेल थाने पर लगभग 50 की संख्या में महिलाएं जुट गई। उन लोगों का कहना था कि उनके इलाके से भी बच्चे की चोरी हुई है। बाद में बच्चे को देखने के बाद महिलाएं लौट गई। फिलहाल पुलिस गौतम की मां का इंतजार कर रही है उसके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More