अंधेरे में गोवंश तस्करी का खेल, पुलिस पर सवाल

रांची: राजधानी के जगन्नाथपुर इलाके में पशु तस्करी का खेल बदस्तूर जारी है और गुरुवार की आधी रात के बाद अंधेरे का फायदा उठाते हुए तस्करी के लिए ले जा रहे गोवंशों को बाहर जाने से रोक लिया। पशु तस्कर 100 से अधिक गोवंश को तस्करी के लिए ले जा रहे थे। सूचना पर पंहुचे लोगों को देखकर तस्कर 50 से अधिक गोवंशों को वहां छोड़कर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने जगन्नाथपुर क्षेत्र में सैंकड़ों की संख्या में गोवंशों को बाहर ले जाते हुये तस्करों को देखा। इसी सूचना उन्होंने जगन्नाथपुर पुलिस को दी, इसके बावजूद कोई थाने से वहां नहीं पहुंचा। वहां स्थानीय लोग खुद तस्करों से उलझ गए। हालात खराब होता देख तस्कर वहां 50 से अधिक गोवंश को छोड़कर फरार हो गये। लोगों का आरोप है कि पुलिसवालों की मिलीभगत की वजह से ही गौ तस्कर इलाके में तस्करी कर रहे हैं। रात को दो बजे सूचना देने पर पुलिस आज सुबह आठ बजे पहुंची। मौके पर पहुंचे हटिया डीएसपी प्रभात रंजन बरवार को इस बाबत लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। बड़ी बात ये है कि प्रदेश में गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम, 2005 लागू है। इसके बावजूद प्रशासन के नाक के नीचे ये काम किये जा रहे हैं। डीएसपी ने कहा कि मामला गंभीर है, लिहाजा कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है और इसमें दोषी पाये जानेवाले अधिकारी पर कार्रवाई होगी।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More