पूर्व भाजपा नेता की कार को क्षतिग्रस्त किया
रांची/रामगढ़: जिले के मनुआ फुलसराय गांव में बच्चा चोर के अफवाह में भाजपा नेता की गाड़ी को ग्रामीणों ने घेर लिया। बुधवार देर रात हुई इस घटना को लेकर ग्रामीण काफी आक्रोशित थे। उन्होंने कार पर सवार सभी लोगों को पीटने का मन बनाया हुआ था, लेकिन भीड़ से बचते हुए चार लोग वहां से चंपत हो गए, लेकिन एक व्यक्ति ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया तो उसकी जमकर पिटाई की गई। मौके पहुंची पुलिस की टीम ने भीड़ से उसकी जान बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया।
मौके पर मौजूद गिद्दी थाना प्रभारी सुदामा राम ने बताया कि जिस युवक को बचाया गया है उसकी पहचान रामगढ़ जिले के बिंझार गांव निवासी आशीष गुप्ता के रूप में की गई है। बताया कि फुलसराय निवासी अलीम अंसारी, किस्टो बेदिया और राजा मियां ने थाने में लिखित शिकायत की है। कहा कि भाजपा की बोर्ड लगी मारुति स्विफ्ट पिछले एक सप्ताह से रात में संदिग्ध अवस्था में गांव में घूमती रहती थी। बुधवार रात इसपर सवार लोगों ने उन तीनों के घरों के दरवाजे को तोड़ने की कोशिश की व जबरन घर में घुसने का प्रयास किया। बहुत देर तक हंगामा होने के बाद ग्रामीण जब वहां पहुंचे तो इनलोगों को भागते देखा। चार भाग गये व एक पकड़ा गया तो उसकी धुनाई कर दी गई। गस्साए ग्रामीणों ने कार को भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले को लेकर पुलिस पड़ताल में जुटी है।
पुलिस की माने तो कार भाजपा नेता बिंझार निवासी रंजीत सिंह की है। ग्रामीणों ने कहा कि यह कार हमेशा किराए पर चलती है। मामले को लेकर भाजपा के रामगढ़ जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी ने बताया कि रंजीत सिंह को एक साल पहले लोकसभा चुनाव से पूर्व रामगढ़ के वार्ड नंबर एक का अध्यक्ष बनाया गया था। इनके खिलाफ काफी शिकायतें मिली, जिसके बाद उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा के बोर्ड से लेना- देना नहीं है, यदि वह गलत हो तो पुलिस कार्रवाई के लिए आजाद है।