फर्जी बैंक अधिकारी बन लोगों को चुना लगाने वाले दो साइबर अपराधी गिरफ्तार

राजेश कुमार
गिरिडीह: साइबर अपराधियों के विरुद्ध गिरिडीह पुलिस द्वारा जारी मुहीम में दो साइबर अपराधी और दो फर्जी सिम बिक्रेता पुलिस के हत्थे चढ़ गए। शुक्रवार को एसडीपीओ मनीष टोप्पो ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए उक्त जानकारी दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस को प्राप्त सुचना के आधार पर अहिल्यापुर और ताराटांड़ पुलिस संयुक्त रूप से छापामारी करने पहुंची। पुलिस जैसे ही परहेता के समीप डीभीसी डैम पहुंची, पुलिस को देखते ही फर्जी बैंक अधिकारी बन साइबर अपराध को अंजाम देने वाले भागने लगे।
लेकिन छपामारी दल ने घेराबन्दी कर मौके पर दो साइबर अपराधी मुन्ना मंडल और राजेश मंडल को धर दबोचा। दोनों अपराधी गांडेय थाना क्षेत्र के भलुआ निवासी बताये जाते है। एसडीपीओ ने बताया कि इन अपराधियों के पास से दो छोटा मोबाईल, दो स्मार्ट फोन, चार एटीएम कार्ड, चार पासबुक, आठ फर्जी सिम और 13 हज़ार रूपये नगद बरामद किये गये।
उन्होंने बताया कि इस बावत अहिल्यापुर थाना कांड संख्या 27/18 में एक मामला भादवि की धरा 419/ 420/ 467/ 468/ 471/ 120 बी और 66 (सी)(डी) आईटी एक्ट के तहत दर्ज़ कर अनुसंधासन की जा रही है।
उन्होंने बताया कि गांडेय थाना में बीते 30 अक्टूबर को दर्ज हुये काण्ड संख्या 135/17 के दो आरोपी बिनोद राम और आकाश कुमार राम को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन दोनों पर फ़र्ज़ी सिम कार्ड बेचने का आरोप था। जिस सिम से साइबर अपराध को अंजाम दिया गया था।
उन्होंने बताया इस छापामारी दल में अहिल्यापुर थाना प्रभारी, ताराटांड़ थाना प्रभारी के अलावे पुअनि शशि रंजन, सअनि सुनील टोप्पो, सअनि निरंजन सिंह समेत कई पुलिस के जवान शामिल थे।


