– एक लाख का इनाम था
रांची: झारखंड की दुमका पुलिस ने एक बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए एक लाख के इनामी कुख्यात नक्सली आकाश मुर्मू को महाराष्ट्र के पूणे से धर दबोचा है। यह नक्सली पाकुड़ एसपी अमरजीत बलिहार के हत्याकांड में शामिल था। 2 जुलाई 2013 को दुमका से पाकुड़ लौटने के दौरान काठीकुंड के आमतल्ला के पास एसपी के काफिले पर नक्सलियों ने एके 47, इंसास राइफल और एसएलआर से गोलियों की बौछार कर दी थी। इस दौरान एसपी समेत 6 पुलिसकर्मी शहीद हो गये थे।
एसपी अमरजीत बलिहार समेत 6 पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले दुमका कोर्ट ने पिछले साल दो नक्सलियों को दोषी ठहराया था, जबकि साक्ष्य के अभाव में पांच को बरी कर दिया था। कोर्ट ने सुखलाल मुर्मू उर्फ प्रवीर और सनातन वास्ती उर्फ ताला को दोषी करार दिया था। कोर्ट ने बाद में दोनों नक्सलियों को फांसी की सजा सुनाई थी। इसके अलावा उसपर आधा दर्जन अन्य मामले भी दर्ज हैं। एसपी वाईएस रमेश ने मीडिया को बताया कि पुलिस की दबिश बढ़ने के चलते ही आकाश पुणे में जाकर छिप गया था, लेकिन पुलिस को इसके बारे में गुप्त सूचना मिल गई और साइबर डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित कर उसे पूणे भेजा गया, जहां से दबोच लिया गया। एसपी ने टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।
आपको बता दें कि आकाश मुर्मू उर्फ साहेब राम हांसदा जिले के रामगढ़ प्रखंड के लखनपुर का रहने वाला है व 2013 में नक्सल गुट में शामिल हो गया था। 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में पोलिंग पार्टी पर हुए हमले में भी आकाश शामिल था। कुल मिलाकर 5 मामलों में पुलिस इसे ढूंढ रही थी। गिरफ्तार नक्सली प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन में दस्ता सदस्य के तौर पर सक्रिय है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि 2013 में वो अपने ससुराल कुलकांठ काठीकुंड गया था। इसी दौरान माओवादी दस्ता उसके ससुर के घर पर पहुंचा। उस दस्ते में एक माओवादी हथियार लिए हुए थे। उसने कहा कि तुम हमलोगों को पहचानते हो ? तो आकाश ने मना कर दिया। इसके बाद माओवादियों के दस्ते ने कहा कि वे समाजसुधारक हैं। दस्ते में शामिल लोगों ने कहा कि अगर हमारे साथ रहोगे तो राजनीति सिखने, कानून जानने और पढ़ाई-लिखाई का मौका मिलेगा। आकाश ने कहा कि वो नक्सलियों के बहकावे में आकर चला गया।