खुल सकते हैं कई राज
रांची: राजधानी के चर्चित बीटेक छात्रा हत्याकांड प्रकरण में सोमवार को सीबीआई के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी अजय कुमार गुड़िया ने सीबीआई की अर्जी मानते हुये मुख्य आरोपी राहुल राय उर्फ राहुल राज को पांच दिनों के रिमांड में लेने की इजाजत दे दी, हालांकि सीबीआई ने अदालत ने 14 दिनों का रिमांड मांगा था।
[URIS id=9499]
गौरतलब है कि 15 दिसंबर 2016 की रात राजधानी रांची के बूटी बस्ती में सामूहिक दुष्कर्म के बाद बीटेक छात्रा की जलाकर हत्या कर दी गई थी। राज्य पुलिस व सीआईडी की जांच में हत्याकांड का खुलासा न होने पर 28 मार्च 2018 को इस मामले में सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज की थी। पड़ताल के बाबत सीबीआई ने रामटहल चौधरी इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रही छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या व फिर उसे जलाने के मुख्य आरोपित राहुल को 22 जून 2019 को रांची के सीबीआई कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 14 दिनों के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। सीबीआई राहुल को लखनऊ जेल से हिरासत में लेकर राजधानी आयी थी। राहुल पटना के बेउर जेल में भी तीन साल बंद रहा है। कई उपनाम से अपराध करने वाला राहुल बिहार के नालंदा जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र के घुरा गांव निवासी ऑटो चालक उमेश प्रसाद का बेटा है। बेऊर जेल में वह 29 जून 2013 से 3 सितंबर 2016 तक बंद था। उस पर दुष्कर्म का एक मामला महिला थाना में दर्ज था। 4 सितंबर 2016 को उसके चाचा की मौत हो होने के बाद पैरोल पर चाचा के श्राद्ध में गांव गया था, जहां से सिपाहियों को शराब पिलाकर चंपत हो गया था। ये दुष्कर्म के एक अन्य मामले में लखनऊ जेल में बंद था।