होटल में ठहरे विवाहित प्रेमी युगल ने की आत्महत्या, लडक़ी ने खायी नशीली गोलियां, लड़के ने कूद कर दी जान

जोधपुर (राजस्थान) : शहर के बासनी सरस्वती नगर में एक होटल में ठहरे प्रेमी युगल ने आत्महत्या कर ली। लड़की के नशीली गोलियां खाकर आत्महत्या का अंदेशा है तो उसके प्रेमी ने कायलाना में कूद कर अपनी जान दे दी। दोनों ही शादीशुदा थे। लडक़ा दो बच्चों का पिता था। लडक़ी की इस साल अप्रैल में शादी हुई थी। दोनों के परिजन की तरफ से मर्ग की रिपोर्ट पुलिस में दी गई है। शवों का एम्स अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है। अनुसंधान अलग-अलग अधिकारियों की तरफ से किया जा रहा है।
एसीपी नूर मोहम्मद ने बताया कि बासनी हड्डी मिल क्षेत्र में रहने वाला 33 साल का रमेश भाट का एक लडक़ी से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। रमेश शादीशुदा होने के साथ दो बच्चों का पिता भी है। मजदूरी करता था। कल शाम को वह लड़की को साथ लेकर बासनी सरस्वती नगर स्थित होटल चंद्रा में आया था। एक कमरे में ठहरे थे। जहां से वह रात को अपनी बाइक लेकर निकलता सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है। मगर पुनः लौटते नजर नहीं आता है।
इस पर होटल में काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा देर रात कमरे का पता लगाने के साथ तलाशी ली जाती है। तब उसके साथ आकर ठहरी लड़की पलंग पर अचेत पड़ी दिखाई देती है। उसके मुंह से झाग निकलने के साथ ही नाक से ब्लीडिंग भी हो रही थी।
एसीपी नूर मोहम्मद ने बताया कि रात साढ़े बारह बजे पुलिस को सूचना पर थानाधिकारी पाना चौधरी आदि वहां पहुंचे। लड़की को तुरंत ही मथुरादास माथुर अस्पताल भेजा गया, मगर उसकी मौत हो गई।
सुबह रमेश का शव मिला कायलाना में
इधर रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि कालयाना में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। इस पर सूरसागर पुलिस वहां पहुंची। तब उसकी पहचान रमेश भाट के रूप में की गई। उसने मरने से पहले से एक सुसाइड नोट अपनी डायरी में लिखा था।
सुसाइड नोट में यह लिखा
पुलिस ने मौके से जब्त किए गए सुसाइड नोट के आधार पर बताया कि रमेश लड़की के शादी के लिए दबाव बनाने से परेशान हो गया था। लडक़ी ने शादी नहीं किए जाने पर नशीली गोलियां खाकर अपनी जान देने की बात की थी। वह लड़की के बराबर शादी के दबाव से परेशान हो गया था।
लड़की की शादी अप्रेल में हुई थी
परिजन ने पुलिस को बताया कि लड़की की शादी अप्रैल में ही हुई थी। वह इन दिनों अपने पीहर में आई हुई थी। जहां रमेश भाट से पहले से ही उसकी पहचान थी। लड़की को आज उसके ससुराल वाले पाली से जोधपुर लेने आने वाले थे। जिस वक्त होटल कर्मचारी रूम पर पहुंचे तब वहां पर टीवी और पंखा चालू हालत में मिला। मगर कोई हलचल नहीं होते देख सीसीटीवी फुटेज से पता लगाया जा सका।
दोनों परिवार ने दी मर्ग की रिपोर्ट
मृतक रमेश भाट और लड़की के परिवार की तरफ से मर्ग की रिपोर्ट दी गई है। रमेश के मामले में सीआरपीसी की धारा 174 में मर्ग दर्ज हुआ है और लडक़ी के परिजन की तरफ से दी गई रिपोर्ट पर सीआरपीसी की धारा 176 में मर्ग की कार्रवाई की जा रही है। इसकी जांच प्रशासनिक अधिकारी द्वारा की जाएगी।


