जमशेदपुर: सरायकेला तबरेज अंसारी मॉब लिंचिंग मामले एसपी कार्तिक एस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में तबरेज की मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट और फ्रैक्चर बताया गया है। इसके बाद पुलिस ने मामले में 11 आरोपियों से हत्या का चार्ज हटा दिया है। इसके बाद इनके उपर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा चलाया जाएगा। तबरेज अंसारी के साथ मारपीट के बाद मौत प्रकरण में आरोपियों के खिलाफ अब हत्या का मुकदमा (धारा 302) नहीं चलेगा। पोस्टमार्टम रिर्पोट के अनुसार ये तय हो गया है, कि ये सुनियोजित हत्या नहीं थी। पूर्व में तबरेज की पत्नी व अन्य परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने डॉक्टरों की टीम से इस बाबत रिओपनियन लिया, जिसमें ह्दयाघात को उसकी मौत का कारण बताया गया है। सिर में लगी चोट को डॉक्टरों ने बहुत गंभीर नहीं माना और इसकी वहज से तबरेज अंसारी की मौत से इंकार किया है। आपको बता दें कि पहले रिर्पोट में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट व सिर में फ्रैक्चर बताई गई थी। इसके बाद दूसरे डाॅक्टरों से इस बाबत जांच कराई गई, जिसमें कार्डियक अरेस्ट का मामला सामने आया है। एसपी कार्तिक एस की मानें तो दो अलग-अलग रिपोर्ट में हत्या की वजह एक ही है।
धारा 302 को हटाया नहीं, उसे 304 में बदला: एसपी
तबरेज अंसारी मॉब लिंचिंग मामले में सरायकेला एसपी कार्तिक एस ने सफाई दी है। उनका कहना है कि इस मामले में धारा 302 को ड्रॉप नहीं किया गया है, बल्कि उसे 304 में बदला गया है। इस मामले में 13 लोगों के नाम सामने आए हैं और उनमें से 11 को पहले गिरफ्तार किया था। इनके खिलाफ तेजी से जांच करने के बाद चार्जशीट भी फाइल की गई। बाकी दो को कुछ दिन पहले ही गिरफ्तार किया गया है, जिनके खिलाफ जांच जारी है। एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक इसमें 302 का मामला नहीं बनता था। इसलिए 304 का मामला बनाया गया। धारा 304 में भी धारा 302 की तरह सजा के प्रावधान हैं इसमें भी उम्र कैद तक की सजा हो सकती है, सिर्फ फांसी की सजा नहीं हो सकती हैै।
क्या था मामला
17 जून की रात को मृतक तबरेज अंसारी जमशेदपुर स्थित अपने फुआ के घर से सरायकेला स्थित अपने गांव कदमडीहा लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में धातकीडीह गांव में ग्रामीणों ने मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में उसे पकड़ लिया और पोल से बांधकर रात भर पीटा। इस दौरान कथित तौर पर उससे जय श्री राम और जय हनुमान के नारे भी लगवाये गये। ग्रामीणों ने दूसरे दिन सुबह उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पहले उसका इलाज सदर अस्पताल में कराया, फिर शाम को जेल भेज दिया था। चार दिन बाद 22 जून की सुबह दोबारा तबरेज अंसारी को जेल से गंभीर हालत में सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गयी। इस प्रकरण की जांच हेतु एसआईटी का गठन किया गया था।