लातेहार: चंदवा थाना क्षेत्र के तावापानी गांव में जेठन मुंडा (55) की हत्या डायन बिसाही के आरोप में कर दी गई। बुधवार देर रात को हुई इस वारदात की जानकारी लोगों को आज सबेरे हुई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस कुछ भी कहने से इंकार कर रह है।
जानकारी के अनुसार गांव में बुधवार को जतरा मेला लगा हुआ था। इसी मेले में जेटन गया हुआ था। रात में वहां से लौटने के क्रम में किसी ने उसकी हत्या कर दी। जेटन के पुत्र सुनील मुंडा ने बताया कि उसके पिता गांव में भगत का काम करते थे। इसी कारण कुछ लोग उन्हें ओझागुणी के आरोप में अक्सर प्रताड़ित करते रहते थे। गांव में कुछ भी गलत होता तो इसके लिए उसके पिता को जिम्मेवार बताया जाता था। उनके साथ मारपीट और गालीगलौज की जाती थी। इसको लेकर कई बार गांव में पंचायत भी बैठी थी। बहरहाल पूरे मामले को लेकर पुलिस पड़ताल में जुट गई है।