फिल्मी अंदाज में अपराधियों ने लूटे साढ़े आठ लाख

सरिया/गिरिडीह: अपराधियों का मनोबल इनदिनों काफी बड़ा हुआ है और एक के बाद एक ये अलग- अलग जगहों पर बारदात देने से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को गिरिडीह जिला अंतर्गत सरिया में बखरा नदी के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र के प्रतिनिधि प्रभु दयाल महतो से हथियार के बल पर 4 लाख 23 हजार रुपये लूट लिए।
बताया जा रहा है कि श्री महतो अपराहन तीन बजे सरिया बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से कुल 4 लाख 23 हजार की निकासी कर अपने सेंटर पर ग्राहकों को भुगतान हेतु बाइक से जा रहा था। इसी क्रम में पूर्व से घात लगाए दो अपराधियों ने उसे सरिया- चिचाकी पथ अंतर्गत बखरा नदी के ऊपर सुनसान जगह पर हथियार के बल पर जबरन रोक लिया व उसके साथ मारपीट की। अपराधियों ने उसके लैपटाॅप के बैग में रखे रुपये ले लिए व वहां से चलते बने।
भुक्तभोगी ने बताया कि गुरुवार को बैंक ऑफ इंडिया सरिया शाखा से अपने खाते से कुल 1,64,000 रुपए की निकासी व अपने सहयोगी चिचाकी पंचायत के बैंक ऑफ इंडिया यूटीएल ग्राहक सेवा केंद्र प्रतिनिधि शत्रुघ्न महतो के खाते से उनके द्वारा दिए गए चेक के माध्यम से कुल 2,59,000 रुपये निकासी कर दोनों राशि लेकर केंद्र जा रहे थे। इसी बीच अपराधियों ने वारदात को अंजाम दे दिया। उसने तत्काल इसकी सूचना सरिया थाने को फोन से दी। घटना के संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार महतो ने बताया कि अपराधियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया है, लेकिन भुक्तभोगी द्वारा देर से सूचना दिये जाने के कारण अपराधी भागने में सफल रहे। पुलिस अपराधियों को दबोचने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि घटना के एक- एक बिंदू पर पड़ताल कर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
एक अन्य कांड में गिरिडीह नगर थाना अंतर्गत बक्सीडीह रोड में कार सवार अपराधियों ने पिता-पुत्र से 4 लाख 16 हजार रुपये लूट लिए। भुक्तभोगी डेगनारायण राय बिरनी थाना अंतर्गत गजियाडीह गांव के रहने वाले हैं। वे अपने बेटे संजय के साथ कोलकत्ता से सुबह साढ़े चार बजे के आसपास गिरडीह रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। बस पड़ाव पर यहां वे गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इसी बाबत एक सफेद कार में पहुंचे तीन लोगों ने उन्हें गाड़ी पर भरकट्ठा जाने की बात कह बैठा लिया। पिता-पुत्र में बैग में रुपये होने की बात की और फिर इनलोगों ने इनके पास से बक्सीडीह में रुपयों का बैग छीन लिया और उन्हें जबरन उतारकर वहां से चलते बने।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More