चार लाख के इनामी नक्सली मंगल सिंह मुंडा ने किया सरेंडर

रांची: एसीएम कैडर के चार लाख के इनामी उग्रवादी मंगल सिंह मुंडा उर्फ अलिंदर ने झारखंड- ओड़िशा सीमा पर आत्मसर्पपण कर दिया है। पुलिस ने बताया कि शनिवार को नक्सलियों के विरुद्ध चलाये जा रहे सर्च अभियान के तहत मंगल ने केलो रिजर्व वन क्षेत्र के जंगल में सरेंडर किया। सरेंडर करने वाले मंगल झारखंड के तमाड़ प्रखंड अंतर्गत बगोई गांव का निवासी है। इसने राउरकेला एसपी शिवा सुब्रमणी व केवी सिंह (एसपी, संबलपुर) के पास आत्मसमर्पण किया। गौरतलब है कि मंगल सिंह मुंडा समर जी के नेतृत्व वाली एसडीएस जोनल कमेटी के मारक दस्ता का सक्रिय सदस्य है। वह एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा का अंगरक्षक था।
मंगल ने पुलिस को दिये अपने बयान में बताया कि आठ साल की आयु से ही सक्रिय है और 2007 में कुंदन पाहन के दस्ता में शामिल हो गया था। यहां से उसे सारंडा व कोल्हान के जंगलों में भेज दिया गया था। यहां प्रशांत दा व संदीप दा के नेतृत्व में हथियार चलाने का प्रशिक्षण दिया गया। यह खूंटी, पोड़ाहाट, सारंडा व सुंदरगढ़ में काफी समय तक सक्रिय रहा। इसके बाद साथ बुंडू, चांडिल, कोल्हान और सारंडा में 2012 तक रहा। 2013 में वह अनमोल दा के नेतृत्व में ओड़िशा के सुंदरगढ़ पहुंचा। अंगुल, देवगढ़, सुंदरगढ़, संबलपुर में हुई कई मुठभेड़ में शामिल रहा। उसने कहा कि नक्सली अब राह भटक गये है और गलत नीतियों पर चल रहे हैं।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More