कोडरमा: मरकच्चो प्रखंड के विभिन्न नदियों में बालू उठाव का खेल धड़ल्ले से चालू है। प्रखंड के विभिन्न नदियों से बालू का उठाव प्रतिदिन दर्जनों ट्रैक्टरों से किया जा रहा है तथा कहीं अन्यत्र स्टॉक कर बाहर भेजा जा रहा है। इसमें बालू माफिया व बिचौलिए मालामाल हो रहे हैं। मरकच्चो प्रखंड के चोपनाडीह, बांसडीह तथा बेलाडीह नदी पुल के नीचे से प्रतिदिन दर्जनों ट्रैक्टर द्वारा बिचैलियों की मिलीभगत से बालू का उठाव किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इन बिचौलियों के द्वारा प्रति ट्रैक्टर 300 से 500 रुपये की वसूली की जा रही है। बताया कि बेलाडीह नदी में पुल के नीचे से इस तरह से बालू का उठाव किया जा रहा है कि पुल कभी भी निमाडीह पुल की तरह ध्वस्त हो सकता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बालू उठाव के कारण चोपनाडीह नदी में बने सिंचाई विभाग का कूप ध्वस्त हो गया और अब पीएचईडी द्वारा बनाए गए कूप भी धसने के कगार पर है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व प्रखंड प्रशासन से समय रहते इस पर कार्रवाई करने की मांग की है।