पिता ने अपने ही कलेजे के टुकड़े को कुल्हाड़ी से काट डाला

गुमला: प्रदेश के गुमला जिले अंतर्गत बसिया थाना क्षेत्र के पोकटा टंगराटोली में शुक्रवार देर रात एक पिता ने हैवान का रुप अख्त्यिार करते हुये अपने आठ साल के बेटे को कुल्हाड़ी से काटकर जान से मार डाला। शनिवार सुबह दरवाजा न खोलने पर पड़ोसियों ने उसे आवाज दी, तो अंदर से ही आरोपी ने घटना की जानकारी दी, लेकिन दरवाजा नहीं खोला। ग्रामीणों ने फौरन घटना की जानकारी पुलिस को दी, तो मौके पर पहुंचे स्थानीय थाना प्रभारी राधेश्याम राम ने बच्चे के शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया व आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पहले खाना खाया, फिर रात में उठकर मार डाला
मृत बच्चे की पहचान आठ वर्षीय अनीश कुजुर के रूप में हुई है। अनीश रामजड़ी स्थित सरला इंटरनेशनल इंग्लिश मीडियम स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था। पुलिस का कहना है कि आरोपी तारफियुस कुजुर अपने बेटे के साथ खाना खाकर सो गया था, लेकिन अचानक रात में उठकर बेटे के गले में कुल्हाड़ी से वारकर उसे हमेशा के लिए मौत की नींद में सुला दिया। आरोपी गांव में ही मजदूरी का काम करता था व पिछले 15 दिनों से उसे पागलपन के दौरे पड़ रहे थे। आसपास के लोगों का कहना है, कि सुबह जब उन्होंने आरोपी के घर के बाहर से आवाज लगाई तो अंदर से उसने कहा कि उसने बेटे को जान से मार डाला है और यदि कोई भी अंदर आएगा, तो उसे भी मार देगा। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। बच्चे की मां रांची में काम करती है।
[URIS id=8357]

