रामगढ़: जिले के पतरातू-रांची मुख्य मार्ग पर वीणा टॉकिज के सामने मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को ठोंक दिया। ये टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार एक बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जब कि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर घटनासथल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक का रिम्स में इलाज हो रहा है।
घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे ट्रक ड्राइवर को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। अभी वह पुलिस के गिरफ्त में हैं। मृत बुजुर्ग की पहचान केरेडारी निवासी 60 वर्षीय गुर्जर भुईयां जबकि घायल की पहचान पतरातू प्रखंड के सौंदा टूंगरी टोला निवासी 28 वर्षीय विशाल भुईयां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है मृतक बुजुर्ग घायल युवक के बहन का ससुर था। विशाल अपने बहन के ससुर को बाइक से लेकर तालाटांड जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनके बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गुर्जर भुईयां की मौके पर ही मौत हो गई।