खूंटी: जिले के सायको थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार टांड में बुधवार की देर रात जुआ खेलने के दौरान उत्पन्न हुए विवाद में अंधाधुंध फायरिंग की गयी। इस गोलीबारी में तीन लोगों को गोली लगी, जिसमें विजय मुंडू नामक एक ग्रामीण की मौत हो गयी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। बताया गया है कि सायको बाजार टांड़ में देर रात अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई गोलीबारी में सायको गांव निवासी सुखराम मुंडा समेत 2 घायल और एक स्थानीय बिशप स्कूल के वाहन चालक की मौत हो गयी।
घटना की सूचना मिलने के साथ ही आनन फानन में रात में सदर अस्पताल पहुंचाया गया इसके बाद इन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया है। फिलहाल घटना के विषय मे लोग कुछ भी कहने से बच रहे हैं कि गोलीबारी किसके इशारे या किसके द्वारा की गई है बावजूद इसके मामले की जांच चल रही है। घटना के संबंध में सायको थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा ने बताया कि पूरे मामले की जांच चल रही है। जल्द ही इसका उद्भेदन कर लिया जाएगा। इधर घटना के बारे एसडीपीओ आशीष कुमार महली ने बताया कि क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है ताकि अपराधी की गिरफ्तारी हो सके। पुलिस पूरे मामले को लेकर पड़ताल में जुटी हुई है।