मौत का राजनीतिकरण कर रहा विपक्ष: भाजपा

रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन सहित तमाम विपक्ष के नेताओं पर चान्हों निवासी स्वर्गीय लखन महतो की मौत का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया है। श्री शाहदेव ने कहा की स्वर्गीय लखन महतो की मौत को आत्महत्या का रूप देकर और कर्ज से जोड़कर विपक्ष जनता को बरगलाने का प्रयास कर रहा है। प्रतुल ने कहा की 27 जुलाई 2019 को लखन महतो के पुत्र सूरज कुमार ने चान्हो थाना में केस नंबर 119/19 दर्ज कराया था, जिसमें उन्होंने स्पष्ट रूप से लिखा था कि उनके पिता की मौत कुएं में गिरने से हुई है व इसके लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।
इसके अतिरिक्त जिस कुएं को लेकर तरह- तरह के आरोप लग रहे हैं, उस कुएं की कुल लागत 3.54 लाख थी, जिसमें लेबर चार्ज व मटेरियल के रूप में 2.01 लाख का भुगतान स्वर्गीय लखन महतो को किया जा चुका था। शेष राशि सीधे सप्लायर को दी जानी थी व उससे स्वर्गीय लखन महतो का कोई लेना- देना नहीं था। महतो परिवार के पास अपना ढलाई का घर है व करेले- अदरक की अच्छी खेती भी है, जिससे अच्छी आमदनी होती है। उनके घर में पर्याप्त मात्रा में अनाज भी था। इसलिए इसमें विपक्ष की ओर से अनर्गल बयानबाजी करना अशोभनीय है। इससे पूर्व भी विपक्ष ने भूख व कर्ज की मौत का अनेक बार आरोप लगाया था, लेकिन हर बार सभी आरोप झूठे निकले। इस बार भी इनके आरोप बेबुनियाद है, जो हताशा व निराशा का परिचायक है।

[URIS id=9499]

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More