घर से स्कूल के लिए निकली, नहीं लौटी
कोडरमा: जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत चोपनाडीह निवासी टेनिस क्रिकेट खिलाड़ी अंशु यादव शनिवार को स्कूल के लिए घर से निकली, लेकिन अब तक घर लौटकर नहीं आयी। इस प्रकरण को लेकर उनके घर वालों को बुरा हाल है और किसी अनहोनी की आशंका के बात उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
24 घंटे बीत जाने के बाद परिजन पूरी तरह से पेशोपेश में हैं। अंशु यादव का चयन भारत, श्रीलंका व नेपाल के त्रिकोणीय सीरीज के लिए पिछले साल भारतीय टीम के लिए हुआ था, लेकिन किसी कारणवश वे खेल नहीं सकीं। राज्य स्तर पर इन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
परिजनों की मानें तो शनिवार की सुबह साढ़े सात बजे अंशु घर से स्कूल के लिए निकली थीं। इस बाबत थानें में विधिवत शिकायत कर दी गई है, जिसके बाद पुलिस तत्परता के साथ उसकी तलाश में जुट गई है। घर से निकलने वक्त अंशु ने काला ट्राउजर व काला टीशर्ट पहन रखा था। वह परसाबाद के नेशनल पब्लिक स्कूल में 10वीं की छात्रा है। समाचार लिखे जाने तक अंशु का कोई भी सुराग नहीं मिल पाया है। बताया जा रहा है कि खेलकूद के अलावे वह पढ़ाई में काफी अच्छी थी।