ढाई प्रतिशत कमीशन का मामला हाई कोर्ट पहुंचा

बिल पास करने के मामले में पीआइएल
स्टेट ब्यूरो: बिजली का काम करा रही कंपनी से राशि का ढाई प्रतिशत घूस मांगने का मामला हाईकोर्ट में पहुँच चुका है। इस बाबत सेंटर फॉर आरटीआइ द्वारा एक पीआईएल दाखिल कर न्याय की गुहार लगायी गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि जेवीबीएनल के एमडी राहुल पुरवार ने अपने भतीजे सुमित पुरवार के मार्फत घूस मांगा गया है, लिहाजा उनके पूरे कार्यकाल का सीबीआई व ईडी से अनुसंधान कराया जाए।
गौरतलब है कि इस प्रकरण में झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इंजीनियरिंग एंड टेक्निकल सर्विसेज कंसल्टेंट्स टू टाटा प्रोजेक्ट्स के अविनाश कुमार का ई-मेल जारी करते हुए भुगतान में करोड़ों रुपये की वसूली का आरोप लगाया था। सोरेन ने बकायदा इस मामले में मीडिया से बात करते हुए कहा था कि टाटा प्रोजेक्ट्स कंपनी को 42 करोड़ रुपये भुगतान करने से संबंधित फाइल बिजली वितरण निगम लिमिटेड के एमडी राहुल पुरवार के टेबल पर तीन महीने से रखा है। बावजूद ढाई प्रतिशत कमीशन ना मिलने के कारण इसपर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इस बाबत दावा किया गया, कि एमडी के करीबी रिश्तेदार इस मामले में कंपनी से पैसे मांग कर रहे हैं।
[URIS id=9499]



