दुमका: पागल बाबा बस में भीषण डकैती

बिहार जा रही बस को झारखंड में बनाया निशाना
बस को अगवा कर यात्रियों से 3.20 लाख की लूट
दुमका /रांची: भागलपुर से कोलकाता के लिए मंगलवार की रात जब पागल बाबा बस चली तो यात्रियों को तनिक भी भनक नहीं लगी कि उनके बीच लुटेरे यात्री बनकर बैठे हैं। बागनल गांव के पास जैसे ही बस पहुंची अपराधी एक्टिव हो गए। हथियार के बल पर चालक को नियंत्रित किया। फिर बस को अगवा कर जंगल में ले गए और राज के ग्यारह बजे के आसपास लूटपाट की। जिन यात्रियों ने रुपये और मोबाइल नहीं दिए उनकी पिटाई भी की। लुटेरों की संख्या सात थी। लूटपाट के बाद वे आराम से चलते बने। बस लूट की घटना मसानजोर थाना के बागनल गांव के पास घटी। लुटेरों ने यात्रियों से 3.30 लाख रुपए और 13 मोबाइल लूट लिए हैं।
यात्रियों के अनुसार बस के पीछे-पीछे एक बोलेरो चल रहा था। लूटपाट करने के बाद लुटेरे बोलेरे पर सवार होकर भाग निकले। सूचना मिलने के बाद एसपी ने खुद यात्रियों से मिलकर घटना की जानकारी प्राप्त की। दुमका के एसपी वाईएस रमेश का कहना है कि मसानजोर पुलिस घटना की छानबीन कर रही है। जिन यात्रियों के साथ मारपीट की गई थी उन्हें रात में ही सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराने के बाद घर भेज दिया गया। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही लुटेरे गिरफ्तार कर लिये जायेंगे।
एसपी ने बताया कि भागलपुर से देर शाम खुली बस में भागलपुर, बौसी और अलीगंज से 8 से 9 की संख्या में सशस्त्र अपराधी यात्री के रूप में अलग-अलग जगह पर सवार हुए थे और उनका निशाना बस में ड्राइवर का बनाया गया लॉकर था, जिसके बारे में अपराधियों को जानकारी थी लॉकर में अच्छी खासी रकम कोलकाता ले जाई जा रही है। यही वजह है कि दुमका में रिया रमन लाइन होटल में जब बस रुकी और यात्रियों ने खाना खाया तथा फिर वहां से बस खुली तो 10 से 11 किलोमीटर दूर आगे बढ़ने पर मसानजोर से पहले बागनल के पास इन सशस्त्र अपराधियों ने बस के चालक को मारपीट कर अपने कब्जे में कर लिया व उसे उसकी सीट से हटाकर खुद बस चलाना शुरू किया। वे गाड़ी को मेन रोड से हटकर 500 मीटर अंदर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में ले जाकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। अपराधियों ने बस में सवार यात्रियों के साथ लूटपाट के दौरान मारपीट भी की जिससे वे मामूली रूप से जख्मी भी हुए थे। वे घटना की सूचना पाकर रात के 12 बजे ही मौकाए वारदात पर पहुँच गये थे। एसपी ने बताया कि इस वारदात के बाबत प्राप्त इनपुट के बाद चार डीएसपी व एसडीपीओ के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गयी हैं।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More