सरिया: छात्रा के साथ छेड़खानी करनेवाला प्राचार्य गिरफ्तार

पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
सरिया/ गिरिडीह: जिले में एक मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। इसमें एक नाबालिग बच्ची के साथ स्कूल के प्राचार्य कुलदीप मंडल पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। घटना प्रखंड के पोखरियाडीह में स्थित शिशु विकास विद्यालय की है। पूरे मामले में विरोध सामने आने के बाद वहां से फरार आरोपी प्राचार्य को हजारीबाग रोड स्थित रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया है। अभिभावकों द्वारा इस मामले में पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग किये जाने के बाद आरोपी प्राचार्य पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आपको बता दें कि विद्यालय के तीसरी कक्षा की एक छात्रा ने प्राचार्य पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। मामले को लेकर बच्ची के अभिभावकों ने सरिया थाने में आवेदन दिया है। शिकायत में कहा गया है कि शुक्रवार को ग्यारह बजे विद्यालय में मध्यान्तर की छुट्टी के वक्त सभी बच्चे लंच में चले गए। इसी बीच विद्यालय के प्राचार्य ने छात्रा को विद्यालय के हॉल में बुलाकर उसके साथ छेड़खानी करने लगा। उनकी हरकत से परेशान छात्रा ने इसका विरोध करते हुए हल्ला करना शुरु कर दिया। शिक्षक ने उसे रूपया का लोभ दिखाकर मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन हल्ला सुनकर पड़ोस के लोग विद्यालय पहुंच गये और हंगामा करने लगे। इसी क्रम में आरेापी प्राचार्य वहां से मौका का फायदा उठाकर फरार हो गए, लेकिर उसे हजारीबाग रोड स्थित रेलवे स्टेशन से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
हालांकि इस मामले में कई लोगों ने समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन उनकी कोशिशें बेकार साबित हुई। इस मामले में थाना प्रभारी बिंदेश्वरी दास ने बताया कि आवेदन के आलोक में आरोपी पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करने के बाद व्यापक पड़ताल की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपी प्राचार्य पर सरिया थाना कांड संख्या 109/19 भादवि की धारा 354 (बी)8/10 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। इस बाबत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने विधि सम्मत कार्रवाई किये जाने की बात कही है।

[URIS id=9499]

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More