– डायन बिसाही व जमीन विवाद में हत्या का शक
रांची: राजधानी रांची के राहे प्रखंड के सताकी गांव में वृद्ध दंपती की घर में घुसकर हत्या कर दी गयी। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय प्रह्लाद महतो ओर उनकी पत्नी 62 वर्षीय घासनी देवी के रूप में की गयी है। गांव में दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार दोनों की निर्मम हत्या गला रेत कर बीती रात को की गयी है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कई वरीय पुलिस अधिकारी के अलावा अनगड़ा प्रखंड की पुलिस ने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। राहे प्रखंड की पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि वृद्ध दंपती अपने घर में अकेले रहते थे। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। हत्याकांड को लेकर लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कोई डायन बिसाही का मामला तो कोइ जमीन से इस हत्या को जोड़ रहा है। लोगों ने बताया कि हत्यारों ने हत्या के बाद बाहर से घर में ताला लगा दिया। हत्यारे घर में रखा स्कूटी भी अपने साथ ले गये।
घटना शुक्रवार देर रात की है। हत्या के बाद अपराधियों ने दोनों शवों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला बंद कर दिया था। दंपती की हत्या गला रेत कर की गई है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट के निशान पाये गये हैं। जांच पड़ताल कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। बहरहाल पुलिस मामले को देखने के बाद इसके हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है।