5 हजार से अधिक लड़कियों का सौदागर पन्नालाल पुलिस गिरफ्त में

– पुछताछ में कई सफेदपोश हो सकते है बेनकाब
– पुलिस को मिली बड़ी सफलता
खूंटी: मानव तस्करी के लिए कुख्यात झारखंड का पन्नालाल महतो पुलिस के शिकंजे में फंस चुका है। खूंटी टोला से उसे गुरुवार की देर रात गिरफ्तार किया गया। इस बाबत खूंटी एसपी ने पुष्टि की, लेकिन इससे अधिक कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उसकी फाॅच्र्यूनर कार भी जब्त की गई है। उसपर मानव तस्करी के अलावे अवैध रुप से लड़कियों को बाहर भेजने का आरोप है। पन्नालाल पर झारखंड और उड़ीसा की लड़कियों को मुंबई, पंजाब, हरियाणा, गुड़गांव, फरीदाबाद, नोयडा, गाजियाबाद, चंडीगढ़, जयपुर, लखनऊ, कानपुर, पटना, बैंगलोर, दिल्ली, हैदराबाद, गोवा एवं देश से बाहर घरेलू काम, बंधुआ मजदूरी, कारखाना में काम करने और वेश्यावृति के लिए बेचने का आरोप है।
इससे पूर्व पन्ना लाल को 2014 में पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया था। उसकी पत्नी दिल्ली में प्लेसमेंट एजेंसी की आड़ में मानव तस्करी का धंधा करती थी। उसकी भाभी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस वक्त दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पन्ना और उसकी पत्नी सुनीता को दिल्ली के शकूरपुर इलाके से गिरफ्तार किया था। खूंटी की अदालत से गैरजमानती वारंट जारी होने के बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने यह कार्रवाई की थी। एक अनुमान के अनुसार पन्नालाल ने अब तक अपने परिजनों के साथ मिलकर 5 हजार से ज्यादा लड़कियों का सौदा किया है। ईडी से उसकी संपत्ति की भी जांच करने की बात कही गई थी। बताया जाता है कि ये करीबन 100 करोड़ की संपति का मालिक है। बताया जाता है कि उसकी भाभी गायत्री ही इंटरनेशनल ह्यूमन ट्रैफिकिंग नेटवर्क की सरगना है व लड़कियों की खरीद-फरोख्त में भी उसकी संलिप्तता सामने आयी थी। पन्ना लाल ने गिरफ्तारी के बाद माना था कि वह झारखंड आता-जाता रहता है। उसके यहां के कई बड़े नेताओं से संपर्क हैं व दिल्ली में उनके घूमने-फिरने के इंतजाम करता है। बतातें चले कि इससे पूर्व गिरफ्तार एक अन्य मानव तस्कर बामदेव ने पुलिस को बताया था कि वह नेताओं के लिए लड़कियां सप्लाई करता है। इसके पास से एक बंधक लड़की भी मिली थी। ये वही लड़की थी, जिसने दिल्ली में इसके खिलाफ यौन शोषण की प्राथमिकी दर्ज करायी थी।

[URIS id=9499]

 

इस बाबत पुलिस ने बताया है कि मानव तस्कर गिरोह को संचालित करने वाले पन्नालाल के खिलाफ राज्य भर के कई थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस को लंबे समय से पन्नालाल महतो की तलाश थी। गुरुवार को गुप्त सूचना मिली की पन्नालाल खूंटी टोला में फिर से तस्कर करने संबंधित काम के सिलसिले में आया हुआ है, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक टीम का गठन किया और उसे दबोच लिया गया। पूछताछ के बाद पन्नालाल को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट खूंटी को सौंप दिया गया है, जहां महिला थाना प्रभारी मीरा सिंह समेत अन्य अधिकारियों द्वारा पन्नालाल ने उससे सघन पूछताछ की। पन्नालाल को गिरफ्तार करने के दौरान गठित टीम में मुख्यालय डीएसपी जयदीप लाकड़ा थाना प्रभारी खूंटी के जयदीप टोप्पो, खूंटी थाना के सब इंस्पेक्टर हसरत जमाल समेत अन्य जवानों के नाम शामिल हैं। पन्नालाल पर खूंटी के एएचटीयू थाना सहित रांची के जगन्नाथपुर और दिल्ली के सुल्तानपुर थाना में कुल 10 मामले दर्ज है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More