चतरा: अपहृत व्यवसायी मुक्त, एके 47 व कारतूस बरामद

चतरा: पुलिस द्वारा अपहृत महुआ व्यवसायी संजय सिंह को अपराधियों के चंगुल से मुक्त करा लिया गया है। इस बाबत पुलिस ने अपराधियों के एक एके-47 सहित चार कारतूस भी बरामद किया है। गौरतलब है कि 31 अगस्त को व्यवसायी संजय को अगवा कर लिया गया था।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने व्यवसायी को वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के मलिनिया नामक जंगल से बरामद किया है। अपहरण के बाद से पुलिस लगातार इन्हें छुड़ाने के लिए अभियान चला रही थी। पुलिस अधीक्षक अखिलेश बी वारियर को शुक्रवार को एक गुप्त सूचना मिली। इसी बाबत उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक निगम प्रसाद, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, पुलिस उपाधीक्षक वरुण देवगम, हंटरगंज के पुलिस निरीक्षक सुजीत कुमार, वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार एवं हंटरगंज थाना प्रभारी हंसे उरांव की एक टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश पर उपर्युक्त अधिकारी सुरक्षा बलों के साथ अभियान में जुट गए। एसपी ने बताया कि अपहरण के बाद अपराधी व्यवसायी को पोस्तिया गांव के बरवा टोला स्थित जंगल में छुपा कर रखे हुए थे।
छापेमारी दल के सदस्य उक्त स्थल की घेराबंदी करते हुए वहां तक पहुंचे, लेकिन अपराधी पुलिस को देखकर जंगल का फायदा उठाते हुए वहां से भाग गए। पुलिस टीम ने अपहृत व्यवसायी को सकुशल मुक्त कराने के बार पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया। इसी के तहत एके-47 व 4 कारतूस बरामद किया गया। व्यवसायी संजय सिंह बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के पलकिया गांव के निवासी है। 12 लाख की फिरौती के लिए इनका अपहरण किया गया था।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More