रांची: राजधानी में बीजेपी नेता व एक बिल्डर की हत्या की साजिश रचने के बाद अचानक गैंगस्टर सुजीत सिन्हा सुर्खियों में आ गया है। इसके समर्थन में वीडियो जारी करनेवाला एक सख्श अपना नाम मयंक सिंह बता रहा है। इसके हाथ में एके 47 है। इसके साथ एक अन्य अपराधी भी है और दोनों के चेहरे ढंके है। वीडियो में एक अपराधी अपने को सुजीत सिन्हा गिरोह का सदस्य बताते हुए कहा रहा है कि हमारे बॉस सुजीत सिन्हा जमशेदपुर जेल में बंद है। उनके नाम पर कुछ मुखबिर रंगदारी मांगते हैं और पुलिस में फर्जी मुकदमा दर्ज कराते हैं। बॉस और उनकी पत्नी जेल में बंद हैं। वहीं उनके साले को भी झूठा केस दर्ज करा कर जेल भेजा गया है। शरिवार को वायरल हुये इस वीडियो की सत्यता आखिर क्या है ? यह साफ नहीं हो सका है।
चूंकि वीडियो झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को लेकर जारी किया गया है, ये साफ करता है कि यह झारखंड से ही संबंधित है। गौरतलब है कि 2 दिन पहले ही रांची में एक बीजेपी नेता और बिल्डर की हत्या की साजिश रचने के आरोप में सुजीत सिन्हा के साले को जेल भेजा गया है। ये प्रमाणित करता है कि वीडियो एक-दो दिनों के अंदर ही बनाया गया है। वीडियो में सुजीत सिन्हा के पक्ष में कहते हुए नकाबपोश कह रहा है कि वह जल्द ही बिल्डर और व्यवसायियों को उनकी औकात बताएगा। नकाबपोश के अनुसार झारखंड पुलिस एक तरफ कहती है कि सुजीत सिन्हा डॉन है, लेकिन पुलिस उसके परिवार के लोगों को गिरोह का सदस्य बताकर जेल भेजती है। नकाबपोश ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि सुजीत के पास शूटरों की कोई कमी नहीं है, ऐसे में क्या वह अपनी पत्नी और साला से अपराध की वारदात करवाएंगे। फिलहाल वायरल वीडियो प्रकरण झारखंड पुलिस के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। इस वीडियो को लेकर पुलिस तहकीकात में जुट चुकी है। माना जा रहा है कि जल्द ही सत्यता सामने आएगी।