मारुति वैन सहित 290 बोतल शराब जब्त

बोकारो थर्मल: बेरमो एसडीपीओ सुभाष चंद्र जाट के नेतृत्व में बोकारो थर्मल थानेदार सह इंस्पेक्टर परमेश्वर लेयांगी ने पुलिस बलों के साथ गुरुवार की रात्रि लगभग एक बजे थाना क्षेत्र अंतर्गत कथारा मोड़ के समीप छापामारी कर एक मारुती वैन को जब्त किया। बेरमो एसडीपीओ को सूचना मिली थी कि रात्रि में एक वैन पर अंग्रेजी शराब के विभिन्न ब्राण्डो की काफी मात्रा में अंग्रेजी शराब की बोतलें ले जायी जा रही है। पुलिस को देखते ही वैन का चालक मारुति वैन को छोड़कर भाग खड़ा हुआ। बाद में पुलिस ने मारुति वैन की तलाशी ली तो उसमें अंग्रेजी शराब के विभिन्न ब्रांडों का 290 बोतल पाया। पुलिस ने अंग्रेजी शराब सहित मारुति वैन को जब्त कर रात्रि में ही थाना लाया। उक्त मारुति वैन गिरिडीह के बगोदर थाना के मड़मो खेतको निवासी उमेश महतो का बताया जा रहा है। छापामारी में बोकारे थर्मल थाना के अवर निरीक्षक उमेश मंडल, सअनि कमलेश सिंह सहित जवान शामिल थे। इस संबंध में स्थानीय थाना में कांड संख्या 130/2017 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More