बैंक कर्मचारियों को कब्जे में लेकर 23 लाख लूटे, चतरा के बैंक ऑफ इंडिया में वारदात

चतरा/रांची: हथियारों से लैस डकैतों के गिरोह ने सोमवार को दिनदहाड़े चतरा के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोसाईडी गांव में बैंक ऑफ इंडिया शाखा से 23 लाख रुपये लूटने में सफल रहे। घटना के बाबत मिली जानकारी के अनुसार आज बैंक खुलते ही दो बाइक पर सवार हथियारबंद चार अपराधी फिल्मी अंदाज में बैंक में घुसकर वहां के कर्मचारियों को कब्जे में लेकर लूटकांड को अंजाम दिया।
इस बाबत अग्रणी जिला प्रबंधक मृणाल कुमार दास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया बैंक की शाखा खुलते ही अपराधी हथियार के बल पर अंदर पहुंचे और आयरनचेस्ट में रखे रुपये लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि लूटेरों ने लगभग 23 लाख रुपये लूटे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल कर रहे हैं। बताया जा रहा है अपराधी लूटकांड को अंजाम देने के बाद बिहार की ओर भागे हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने डकैतों को पकड़ने के लिए छापेमारी आरंभ कर दी है।
[URIS id=9499]



